ग्वालियर के प्रगति नगर में आधी रात भिड़े सांड, कारों की छत-बोनट पिचके; दो युवक बाल-बाल बचे
सांडों के झुंड में दो सांडों के बीच लड़ाई शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 01:01:57 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 01:02:39 PM (IST)
कार के बोनट पर चढ़ा सांड। वीडियोग्रेबHighLights
- कार पर चढ़कर कूदा सांड, गाड़ियां क्षतिग्रस्त
- आपसी लड़ाई में बाल-बाल बचे दो युवक
- सड़क पर खाना फेंकने से बढ़ रहा जमावड़ा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के हजीरा स्थित प्रगति नगर में आवारा सांडों के आतंक से रहवासी परेशान हैं। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे तीन से चार सांडों के झुंड ने गली में जमकर उत्पात मचाया। आपसी लड़ाई के दौरान सांडों ने कई कारों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
एक सांड तो जान बचाने के लिए कार के ऊपर चढ़कर दूसरी तरफ कूद गया
एक सांड तो जान बचाने के लिए कार के ऊपर चढ़कर दूसरी तरफ कूद गया, जिससे कार की छत और बोनट बुरी तरह पिचक गए। इस दौरान गली से गुजर रहे दो युवक भी सांडों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
सांड देखते ही देखते हो गए उग्र
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सांडों के झुंड में दो सांडों के बीच लड़ाई शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई। इससे गली में खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है।
स्थानीय निवासी रविन्द्र सिंह ने बताया कि कुछ लोग घरों का बचा हुआ खाना सड़कों पर फेंक देते हैं। इसी के चलते रात में आवारा गायों और सांडों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों का कहना है कि सांडों के डर से बच्चों का घरों के बाहर खेलना भी मुश्किल हो गया है।