
ग्वालियर (वरुण शर्मा)। देश में मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम 2017 लागू है। उम्मीद थी कि हालात सुधरेंगे। इंसानियत शर्मसार नहीं होगी। लेकिन ग्वालियर की खबर विचलित कर देने वाली है। ग्वालियर से सटे अनेक गांवों में जंजीरों से जकड़े गए ऐसे बंधुआ मजदूरों को देखा जा सकता है, जो बेसहारा मनोरोगी अथवा मानसिक रोगी हैं।
आसपास के शहरों अथवा दूरदराज से पकड़ कर इन्हें यहां लाकर बेच दिया गया है। संदेह है कि कहीं अन्य जगहों पर भी तो यह काम शुरू नहीं हो गया है? ग्वालियर के हाईवे से सटे दर्जनों गांवों में इस क्रूरतम सच को बयां करती कुछ तस्वीरें हमने कैमरे में कैद की हैं। पड़ताल की तो पता चला कि इस इलाके में यह चलन बढ़ता जा रहा है। जवान विक्षिप्तों को यहां कौन लाता है, कैसे लाता है, यह तो स्पष्ट तौर पर पता नहीं चला, लेकिन इतना साफ है कि कोई संगठित गिरोह इसके पीछे है, जो जवान विक्षिप्तों को पकड़ कर लाता है और यहां के जमींदार परिवारों को बेच देता है। जहां किस्मत के मारे इन बीमार व्यक्तियों को बंधुआ मजदूर बनाकर उनसे जानवरों सा काम लिया जाता है। जिंदा रखने के लिए दो वक्तकी रोटी और हाथ-पैर में जंजीरें।
ग्वालियर में समुदाय विशेष के कुछ गांवों में दिख रहा यह चलन इंसानियत को झकझोर देने वाला है। हालात के आगे मजबूर ऐसे अनेक विक्षिप्त यहां बंधुआ मजदूरी करते हुए देखे जा सकते हैं। ये लोग विरोध करने के काबिल भी नहीं हैं। इनके साथ घोर अमानवीय व्यवहार किया जाता है। पिटाई या भूख का भय इनपर इतना हावी हो गया है कि वे मूक जानवर बन काम पर लगे रहते हैं।
हाईवे से सटे शीतला रोड स्थित नौगांव और बांस बडेरा, डबरा रोड पर लखनौती, अडपुरा से पहले तुरारी गांव,
मुरार क्षेत्र में अलापुर, रमौआ, पिपरौली, पुरासानी और तिलैथा गांव ,बानमौर क्षेत्र में चौकोटी गांव सहित ऐसे दर्जनों गावों में यह तस्वीर देखी जा सकती है।