Cake Day: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। बर्थडे, एनिवर्सरी या किसी खुशनुमा क्षण को यादगार बनाने के लिए केक सेलिब्रेशन लाजमी है। खास तौर से बर्थडे पर सभी की निगाहें केक पर टिकी होती हैं। वहां बात यह चलती है कि किस फ्लेवर और कितने पाउंड का केक आया है। खास तौर से डिजाइन पर सबसे ज्यादा बात होती है। यही कारण है कि स्पेशल डे सेलिब्रेट करने अब कस्टमाइज केक भी तैयार हो रहे हैं। सबसे ज्यादा डिमांड में प्रिंटेड केक हैं, जिनमें थ्रीडी लुक में आपकी फोटो या परिवार की फोटो नजर आती हैं। इस कान्सेप्ट की मांग समय के साथ बढ़ती जा रही है।
केक एक्सपर्ट दुर्गेश शर्मा ने बताया कि इन दिनों प्रिंटेड केक डिमांड में है। लोग बर्थडे एवं एनिवर्सरी में अपनी एवं फैमिली की फोटो प्रिंट करा रहे हैं। वहीं बच्चे कार्टून कैरेक्टर पसंद कर रहे हैं। केक को कस्टमाइज कराने का ट्रेंड भी चलन में है। लोग अपने बर्थडे को स्पेशल बनाने के लिए इंटरनेट की मदद से डिफरेंट डिजाइन हमें दे रहे हैं, जिसके हिसाब से हम केक तैयार कर रहे हैं। ये थोड़ा कास्टली हैं, लेकिन लोग खुशियों को खास बनाने इसकी परवाह नहीं कर रहे।
बर्थडे और मैरिज एनिवर्सरी पर फोटो प्रिंटेड केक का कान्सेप्ट हिट होने के बाद अब ओकेजन पर भी खास इसे पसंद किया जा रहा है। उदाहरण के रूप में रक्षाबंधन पर भाई बहन की फोटो, क्रिसमस पर फैमिली फोटो लगाई जा रही है। खास दिन के लिए भी लोग मनपसंद डिजाइन और फ्लेवर का केक आर्डर कर रहे हैं।
जन्मदिन के मौके पर बच्चे के फेवरेट कार्टून कैरेक्टर वाले केक की डिमांड भी खूब देखी जा रही है। बच्चों के फेवरेट कलर के अनुसार भी केक तैयार हो रहे हैं। अब तो ड्रेस के अकार्डिंग भी केक के डिजाइन तैयार हो रहे हैं। इसके लिए बर्थडे के दिन बच्चे द्वारा पहनी जाने वाली ड्रेस को देखकर उससे मैच करता केक बनाए जाते हैं।
केक फ्लेवर में चाकलेट, वनीला, कसाटा, स्ट्राबेरी, पाइनेपल, रोज जैली जैसे फ्लेवर की अधिक डिमांड है। इसके अलावा नुटेला चाकलेट केक, ट्रिपल चाकलेट चीज केक, स्ट्राबेरी क्रंच केक, बटर फिंगर केक, बादाम लेयर केक, स्ट्राबेरी केक, वनीता बटर क्रीम केक, चाकलेट केक खूब पसंद किया जा रहा है।