ग्वालियर में बदला मौसम का मिजाज, सुबह-शाम ठंड और दोपहर में धूप से लोग सर्द-गर्म को लेकर असमंजस में
मौसम के इस उतार-चढ़ाव में सुबह और शाम के समय हल्के कपड़े पहनने के बजाय तापमान के अनुसार सावधानी बरतना जरूरी है।
Publish Date: Tue, 03 Nov 2026 08:28:43 AM (IST)Updated Date: Tue, 03 Nov 2026 08:29:05 AM (IST)
स्कूल जाते बच्चे गर्म कपड़े पहनकर जाते दिखाई दिए। नईदुनियाHighLights
- कपड़ों के चयन में परेशानी
- दिन और रात का तापमान अंतर
- मौसम बदलाव में बरतें सावधानी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में मौसम का मिजाज दिनभर बदल रहा है। सुबह के समय वातावरण में नमी का स्तर 90 प्रतिशत से अधिक रहने से मौसम में ठंडक और नमी महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप के कारण तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है।
सबसे ज्यादा परेशानी कपड़ों के चयन में
सुबह और दोपहर के मौसम में इस अंतर के चलते लोगों को असमंजस का सामना करना पड़ रहा है यानी सर्द-गर्म मौसम से लोग भ्रमित हो रहे हैं। लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी कपड़ों के चयन में हो रही है। सर्दी बढ़ते ही गर्म कपड़े और गर्मी बढ़ते ही सामान्य कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगती है।
दोपहर में तापमान लगातार बढ़ा
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को सुबह 5:30 बजे तापमान 21.4 डिग्री और सुबह 8:30 बजे 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान सुबह की सापेक्ष आर्द्रता 93 प्रतिशत रही। रविवार को न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री रहा और सुबह आर्द्रता 91 प्रतिशत दर्ज की गई। सोमवार को भी सुबह नमी का स्तर 94 प्रतिशत तक पहुंचा। इसके विपरीत दोपहर में तापमान लगातार बढ़ा। शनिवार को अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस, रविवार को 30.5 डिग्री सेल्सियस और सोमवार को 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार दोपहर 2:30 बजे पारा 30.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दोपहर में नमी का स्तर घटकर 61 से 71 प्रतिशत के बीच रह गया।
तीन दिन में अधिकतम पारे में 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी
शनिवार से सोमवार के बीच अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस से घटकर 18.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसके बावजूद न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 से 4.9 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव में सुबह और शाम के समय हल्के कपड़े पहनने के बजाय तापमान के अनुसार सावधानी बरतना जरूरी है।