बीदर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलेगी छठ पूजा स्पेशल ट्रेन, ग्वालियर स्टेशन पर भी रहेगा इसका ठहराव
इस विशेष ट्रेन का लाभ ग्वालियर के यात्रियों को भी मिलेगा।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 10:36:37 AM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 10:37:00 AM (IST)
HighLights
- ग्वालियर में होगा पांच मिनट का ठहराव
- 19 और 22 नवंबर को होगा संचालन
- दक्षिण भारत के यात्रियों को मिलेगी राहत
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली के बाद छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए रेलवे ने कर्नाटक के बीदर और हजरत निजामुद्दीन के बीच पूजा एवं छठ स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन का लाभ ग्वालियर के यात्रियों को भी मिलेगा।
ट्रेन दोनों दिशाओं में ग्वालियर स्टेशन पर ठहरेगी
ट्रेन दोनों दिशाओं में ग्वालियर स्टेशन पर ठहरेगी। बीदर से निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन 19 नवंबर को रवाना होगी और अगले दिन 20 नवंबर को ग्वालियर पहुंचेगी। वहीं वापसी में निजामुद्दीन से बीदर जाने वाली ट्रेन 22 नवंबर को चलेगी और उसी दिन शाम को ग्वालियर आएगी।
धौलपुर, आगरा कैंट और मथुरा होते हुए रात 8:40 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 07083 बीदर-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल 19 नवंबर गुरुवार को बीदर से सुबह 10 बजे रवाना होगी। विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए यह ट्रेन 20 नवंबर शुक्रवार को दोपहर 2:40 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 2:45 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद धौलपुर, आगरा कैंट और मथुरा होते हुए रात 8:40 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 07084 हजरत निजामुद्दीन-बीदर स्पेशल 22 नवंबर रविवार को सुबह 10:30 बजे निजामुद्दीन से रवाना होगी।
यह ट्रेन मथुरा, आगरा कैंट और धौलपुर होते हुए शाम 5:25 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद 5:30 बजे झांसी के लिए रवाना होगी। आगे बीना, भोपाल, इटारसी और नागपुर सहित विभिन्न स्टेशनों से होते हुए 24 नवंबर सुबह 4 बजे बीदर पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी
यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में झांसी, ग्वालियर, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा, पलवल, भोपाल, इटारसी, नागपुर, बल्हारशाह, काजीपेट और सिकंदराबाद सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी। त्योहार के बाद यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह अतिरिक्त विकल्प रहेगा। खासतौर पर दक्षिण भारत से ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों को इससे सुविधा मिल सकेगी।