ग्वालियर में यंग थिंकर्स कांफ्लुएंस-2026 का शुभारंभ, सीएम बोले- चुनौतियों के समाधान के लिए मिलकर करें काम
तीन दिवसीय इस सम्मेलन में देशभर से युवा शामिल हुए हैं।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 08:12:04 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 08:12:43 AM (IST)
कार्यक्रम को संबोधित करते डॉ. मोहन यादव।HighLights
- युवा देश को स्पष्ट लक्ष्य तय करना होगा
- विचारों को कसौटी पर परखने का समय
- आत्मचिंतन से जुड़ें अपनी मूल पहचान से
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वैश्विक परिदृश्य में अनेक प्रकार की चुनौतियां हमारे सामने हैं। इन चुनौतियों का सकारात्मक समाधान खोजने के लिए हमें मिलकर कार्य करना होगा। यह समय जागने और नए संकल्प लेने का है। भारत विश्व का युवा देश है, केवल इस तमगे से काम नहीं चलेगा। युवा देश की सोच क्या है, उसका लक्ष्य क्या है, उसको बढ़ना किधर है और निपटना किससे है, जब तक यह मालूम नहीं होगा, तब तक काम नहीं चल पाएगा।
देशभर से युवा शामिल हुए हैं सम्मलेन में
डॉ. यादव शुक्रवार को ग्वालियर के एलएनआइपीई परिसर में आयोजित यंग थिंकर्स फोरम के आठवें सम्मेलन ‘यंग थिंकर्स कांफ्लुएंस-2026’ के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। सम्मेलन में देशभर से युवा शामिल हुए हैं।
हमारा देश हर विचार का स्वागत करता है: सीएम
उन्हें संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में हमारा देश ही एक मात्र ऐसा है, जो हर विचार का स्वागत करता है। आज इन विचारों को किसी दायरे में बांधने के बजाए किसी कसौटी में खरा उतारने का समय है। युवा जो बोलना है बोलें, जो सोचना है सोचें, लेकिन उसका सार जरूर जाने।
उन्होंने कहा कि दुनिया में एक के बाद एक साइंस की जितनी भी खोज हुईं, उनमें भारत पहले से ही खड़ा है।
संयुक्त राष्ट्र संघ में आने वाले प्रस्तावों और विभिन्न मुद्दों पर एक-एक दिन चर्चा करने का अवसर मिलता है, लेकिन हमें इन विषयों को केवल औपचारिक रूप से नहीं, बल्कि अपने अंतर्मन में झांककर भी देखना होगा। जब हम आत्मचिंतन करेंगे, तभी अपनी सनातन सभ्यता, सांस्कृतिक मूल्यों और भारत की मूल पहचान से जुड़ सकेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नेशनल स्कूल आफ ड्रामा के उपाध्यक्ष पद्मश्री भरत गुप्ता, श्रीधर पराड़कर व एलएनआइपीई की कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा उपस्थित रहीं।