नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली का त्योहार नजदीक आने के कारण नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों को जहां रविवार को भी ड्यूटी पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं निगरानी के अभाव में रविवार को डिपो से कम संख्या में वाहन निकल रहे हैं। इसका नतीजा यह है कि सभी इलाकों से कचरा कलेक्शन नहीं हो पा रहा है। चूंकि वर्तमान में घरों से दोगुना कचरा निकल रहा है।
ऐसे में एक दिन कम कचरा उठने पर अगले दिन फिर से ढेर इकट्ठे हो जाते हैं और कचरे का बैकलाग बनता चला जा रहा है। रविवार को कचरा संग्रहण के काम से अमले ने छुट्टी ले ली। इसका नतीजा यह हुआ कि जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए नजर आए। दीपावली के मौके पर घरों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई के काम चलते हैं। घरों से फालतू सामान भी बाहर कर दिया जाता है। इसके कारण इन दिनों में कचरे की मात्रा दोगुनी हो जाती है।
अमूमन शहर से हर दिन औसतन 400 टन कचरा निकलता है, लेकिन दीपावली के समय पर यह बढ़कर 800 टन तक पहुंच जाता है। ऐसे में हर दिन कचरा संग्रहण होना जरूरी है। त्योहार के सीजन पर निगम के कर्मचारियों को रविवार का अवकाश देने के बजाय वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है और डिपो प्रभारियों की जिम्मेदारी होती है कि छुट्टी वाले दिन भी वाहन डिपो से निकलें। लेकिन इस बार रविवार को ग्वालियर के तीन विधानसभा क्षेत्र में बने डिपो से गिने-चुने टिपर वाहन ही कलेक्शन के लिए निकले।
इसके चलते शहर से कचरा कलेक्शन ही नहीं हो सका। लैंडफिल साइट पर बनाई जगह: उधर कचरा प्रबंधन को तेज करने के इरादे से नगर निगम के अमले ने विशेष रूप से छह अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी केदारपुर स्थित लैंडफिल साइट पर लगाई है। साइट पर रात में भी जगह बनाने के उद्देश्य से वहां लाइट की व्यवस्था कराई गई है। चूंकि साइट पर अब कचरा डंप करने के लिए कम जगह बची है, ऐसे में वहां कचरे के ढेरों का जमाव कराया जा रहा है। इसके अलावा लेगेसी वेस्ट खत्म होने से खाली हुई जगह पर भी कचरा डंप कराया जा रहा है।
उपायुक्त ने किया निरीक्षण, गायब मिला डिपो स्टाफ
रविवार को नगर निगम के उपायुक्त स्वच्छ भारत मिशन अमर सत्य गुप्ता ने दक्षिण, पूर्व और ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में डिपो का निरीक्षण किया तो पता चला कि डिपो पर स्टाफ ही मौजूद नहीं है और टिपर वाहन खड़े हुए हैं। उपायुक्त के निरीक्षण की सूचना पर डिपो प्रभारी और सुपरवाइजर तुरंत मौके पर पहुंचे। इस दौरान उपायुक्त ने उन्हें फटकार लगाई और निर्देश दिए कि हर वाहन को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा कचरे का संग्रहण हो सके। वहीं किराए पर वाहन उपलब्ध कराने वाले ठेकेदार धर्मेंद्र तिवारी को भी निर्देश दिए गए कि जेसीबी मशीन आदि उपलब्ध कराई जाएं, जिससे कचरे के ढेर खत्म किए जा सकें।
व्यवस्था बनाई जाएगी मैं इस मामले को चेक कराता हूं। डिपो का निरीक्षण कर छुट्टी के दिन भी कचरा प्रबंधन को लेकर व्यवस्थाएं बनाई जाएंगी। इसके अलावा लैंडफिल साइट पर भी रात के समय काम कराने के लिए लाइट और कर्मचारियों की व्यवस्था कराई गई है।
अमन वैष्णव, आयुक्त नगर निगम