ग्वालियर मेले में वाहन टैक्स छूट को लेकर सियासी हलचल, सिंधिया ने सीएम को लिखा पत्र
अब फिर मेले में वाहन रजिस्ट्रेशन संबंधी छूट को लेकर इंतजार शुरू हो गया है।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 11:56:15 AM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 11:56:41 AM (IST)
मेले में लगा ऑटोमोबाइल सेक्टर का फाइल फोटो।HighLights
- चैंबर और ऑटो कारोबारियों की मांग पर तेज हुई कवायद
- रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट मिलने से बढ़ेगा राजस्व
- आईएसबीटी और एलिवेटेड रोड जैसे बड़े प्रोजेक्ट अब भी अधूरे
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला में हर साल वाहन खरीदी पर मिलने वाली रजिस्ट्रेशन टैक्स में 50 फीसद की छूट को लेकर इस बार भी राजनीति शुरू हो गई है। हर साल यह छूट मप्र शासन की ओर से गजट नोटिफिकेशन जारी कर प्रदान की जाती है लेकिन इससे पहले पत्र वार जैसा शुरू हो जाता है और इसके बाद श्रेय की राजनीति भी सामने आती है। अब फिर मेले में वाहन रजिस्ट्रेशन संबंधी छूट को लेकर इंतजार शुरू हो गया है।
चैंबर के पत्र के बाद केंद्रीय मंत्री ने लिखा सीएम को पत्र
हाल ही में ऑटोमोबाइल सेक्टर के कारोबारियों ने मेला प्राधिकरण अध्यक्ष के साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को मेला छूट जल्द प्रदान किए जाने को लेकर पत्र सौंपा। इसके बाद चैंबर ऑफ कामर्स की ओर से सीएम, केंद्रीय मंत्री सिंधिया व विधानसभा अध्यक्ष के नाम पत्र लिखा गया और चैंबर के प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से इसको लेकर मुलाकात भी की। अब सिंधिया की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मेला छूट प्रदान करने का आग्रह किया गया है।
यह एशिया का सबसे बड़ा व्यापार मेला
केंद्रीय मंत्री सिंधिया की ओर से बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पत्र लिखा गया, जिसमें उल्लेख किया कि ग्वालियर व्यापार मेला, ग्वालियर में आयोजित किया जाने वाला उत्तर भारत में एक बड़ा व्यापार मेला है। इसकी शुरुआत 1905 में ग्वालियर के तत्कालीन महाराज माधौराव सिंधिया ने की थी। आज यह एशिया का सबसे बड़ा व्यापार मेला है।
ग्वालियर व्यापार मेला में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी आटोमोबाइल्स पर गैर-परिवहन वाहन और छोटे परिवहन वाहन पर रोड टैक्स (आरटीओ) में 50 प्रतिशत छूट मेले अवधि के दौरान विक्रित वाहनों के लिए मध्यप्रदेश राज्य सरकार द्वारा दी जाए।
इससे मेले के आकर्षण में काफी वृद्धि होगी और राज्य शासन को भी कम समय में अधिक राजस्व की प्राप्ति एक ही स्थान से हो सकेगी। ऐतिहासिक ग्वालियर व्यापार मेला का भव्य व सफल आयोजन संभव हो सकेगा।
मेला छूट मिलेगी ही, इन प्रोजेक्ट-समस्याओं पर करें गौर
- ग्वालियर में आइएसबीटी बनकर तैयार है लेकिन यहां बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है, क्योंकि बसें अभी भी पुराने ठिकानों से ही संचालित हैं।
- एलिवेटेड रोड जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के दोनों चरणों में अतिक्रमण नहीं हट पा रहे हैं, जिस कारण प्रोजेक्ट लेट हो रहा है।
- रेलवे स्टेशन प्रोजेक्ट की अंतिम अवधि सितंबर माह निकल चुकी है और प्रोजेक्ट अभी तक पूरा नहीं हुआ है।
- मल्टीलेवल कार पार्किंग प्रोजेक्ट लगातार लेट हो रहा है, इसमें पानी की समस्या का निदान करने में भी देरी हुई।
- द्वारका नगर योजना के तहत सड़कें कागजों में तो स्वीकृत हो गई लेकिन बजट अभी भी नहीं मिला है।
- शहर की सड़कों की बदहाली दूर करने सरकार से बड़े फंड की मांग की गई थी भोपाल में बैठक भी हुई थी लेकिन कुछ नहीं हुआ।