नप्र, प्रतिनिधि: बहोड़ापुर इलाके में 23 वर्षीय छात्र को उसके ममेरे भाई ने ही दोस्त के साथ मिलकर गोली मार दी। छात्र पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई। इसमें से एक गोली छात्र के सीने में लगी और फेंफड़े तक जा पहुंची। एक फेंफड़ा 95 प्रतिशत तक खत्म हो चुका है। उसकी हालत बहुत ही गंभीर बताई गई है। उसे ग्वालियर से दिल्ली रेफर किया गया है। इस घटना के बाद बदमाश भाग गए। जिनकी तलाश में बहोड़ापुर थाने की टीम लगी है।
छात्र के मृत्युकालिक कथन पुलिस ने दर्ज कर लिए हैं। जिसमें उसने अपने ममेरे भाई व उकसे दोस्त का नाम बताया है। गोली मारने की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है लेकिन यह पता लगा है कि इन दोनों की पहले बहस हुई थी। मूल रूप से विजयपुर के बरा गांव में रहने वाला सोनू किरार उम्र 23 वर्ष प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने के लिए ग्वालियर आया है। वह ग्वालियर के बहोड़ापुर में किराये से रह रहा है।
उसके मामा का बेटा अनिकेश किरार भी ग्वालियर में ही रहता है। यह लोग बहोड़ापुर स्थित उरवाई गेट पर थे। इसी दौरान किसी बात पर दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद अनिकेश ने अपने दोस्तों को बुला लिया। इसमें एक का नाम हनी धाकड़ है, जबकि दूसरे का नाम का पता नहीं लग सका। यह लोग जैसे ही आए तो गोलियां चलाना शुरू कर दी।
घायल युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया। उसके स्वजन काे भी सूचना दे दी गई। जैसे ही स्वजन आए तो उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। फिलहाल हालत गंभीर बताई जा रही है। आठ दिन पहले ही जेल से छूटा है अनिकेश: अनिकेश के बारे में बताया गया है कि उसने मुरार में भी गोलीबारी की थी। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था। जेल से आठ दिन पहले ही छूटा था। अब यह वारदात कर दी।
आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-जितेंद्र सिंह तोमर, थाना प्रभारी, बहोड़ापुर।