• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
  • मेरी खबरें
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • AI बूटकैंप
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • गणेशोत्‍सव 2026
  • हनुमान अंश
  • Mutual Funds मास्टरी
  • मध्‍य प्रदेश की खबरें
  • राशि परिवर्तन
  • मानसून
  • स्वच्छ जल
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • ग्वालियर

ग्वालियर: ढोली बुआ के पुल पर धंसी सड़क और मकानों की हुई मरम्मत, स्वर्ण रेखा की रिटेनिंग वॉल भी सुधारी

सड़क धंसकने के पीछे स्वर्ण रेखा में मिट्टी के कटाव के साथ ही कुछ ही दिन पहले इसी स्थान पर सीवर लाइन डालना भी बताया गया। सड़क में जो दरारें आई हैं, उनक...और पढ़ें

By Priyank SharmaEdited By: Rajdil Shivhare
Publish Date: Sun, 27 Sep 2026 10:22:23 PM (IST)Updated Date: Sun, 27 Sep 2026 10:22:49 PM (IST)
ग्वालियर: ढोली बुआ के पुल पर धंसी सड़क और मकानों की हुई मरम्मत, स्वर्ण रेखा की रिटेनिंग वॉल भी सुधारी
रोड धंसकने के कारण मकानों में आई दरारों की मरम्मत का कार्य कराया गया। नईदुनिया

HighLights

  1. मरम्मत कार्य पूरा
  2. मंत्री ने लिया जायजा
  3. निगम ने जारी किए नोटिस

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ढोली बुआ का पुल पर दतिया वाले मोहल्ले में वर्षा के पानी से स्वर्ण रेखा के किनारे हुए मिट्टी के कटाव से धंसकी सड़क और मकानों की दरारों की शनिवार देर रात से लेकर रविवार को दिनभर मरम्मत कराई गई। हालांकि इस घटना के पीछे नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अपने-अपने तर्क हैं, लेकिन आपातकालीन और संवेदनशील स्थिति देखकर पीडब्ल्यूडी सेतु संभाग के अधिकारियों ने ठेकेदार एजेंसी के माध्यम से सड़क की दरारों को भरने के साथ ही मकानों में आई दरारों को भी ठीक कराया।

इसके अलावा हाल-फिलहाल मिट्टी का कटाव न हो, इसके लिए स्वर्ण रेखा की रिटेनिंग वाल को सुधारने का काम भी किया गया।

शनिवर की देर रात अचानक सड़क धंसकी

गत शनिवार की देर रात ढोली बुआ पुल पर दतिया वाले मोहल्ले में स्वर्ण रेखा के किनारे अचानक ही सड़क धंसक गई थी। लगभग 100 मीटर लंबाई में सड़क में चौड़ी दरारें आ गई थीं। चूंकि स्वर्ण रेखा के नजदीक ही लोगों के मकान भी बने हुए हैं, ऐसे में चार मकानों में भी दरारें आने की शिकायत मिली थी।



घटना की जानकारी मिलने पर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री जोगिंदर यादव ने मौके की नजाकत को देखकर रात में ही ठेकेदार एजेंसी के माध्यम से मरम्मत का काम शुरू कराया, क्योंकि रात में नगर निगम के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं थे।

इसके बाद रविवार को भी दिन में मकानों की दरारों को ठीक कराने का काम किया गया। सड़क धंसकने के पीछे स्वर्ण रेखा में मिट्टी के कटाव के साथ ही कुछ ही दिन पहले इसी स्थान पर सीवर लाइन डालना भी बताया गया। सड़क में जो दरारें आई हैं, उनके ठीक नीचे सीवर लाइन भी मौजूद है।

उद्यानिकी मंत्री ने भी लिया जायजा

घटना के बाद उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी रविवार को ढोली बुआ पुल के पास मौजूद इस इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से चर्चा कर समस्या के बारे में जाना और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के संधारण के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। इसके साथ ही साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। सड़क खराब होने के संबंध में भी उन्होंने विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता की जांच करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नरेंद्र बाबू यादव, कार्यपालन यंत्री नगर निगम वेदप्रकाश निरंजन सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

निगम ने मकानों पर चस्पा किए नोटिस

उधर नगर निगम के अधिकारियों ने भी मौके पर मौजूद मकानों पर नोटिस चस्पा कर दिए हैं। इनमें उल्लेख किया गया है कि एलिवेटेड फ्लाइओवर निर्माण के कारण रोड एवं कुछ भवनों में दरार आ गई है। रोड की दरार की रिपेयरिंग करा दी गई है एवं नाले के अंदर से रिपेयरिंग का कार्य गतिशील है। ऐसे में सभी को सूचित किया जाता है कि वे दरार वाले हिस्से से दूर रहें और सावधानी बरतें।

उधर दूसरे चरण में अब भू-अर्जन व अतिक्रमण हटाने की होगी शुरूआत

वहीं एलिवेटेड रोड के दूसरे चरण के अंतर्गत अब फूलबाग से लेकर गिरवाई तक 21.50 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण व 195 मकानों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कार्यपालन यंत्री की ओर से तहसीलदार लश्कर को पत्र भेजा गया है।

इसमें उल्लेख किया गया है कि दूसरे चरण में निजी जमीन पर 121 भू स्वामी और शासकीय जमीन पर 195 लोगों के अतिक्रमण हैं। इसमें वीरपुर में 19, गिरवाई में 20, कोटा लश्कर में 69 और शहर लश्कर में 87 लोगों ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है।

अब इन अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई के लिए प्रशासन से सहयोग मांगा गया है। इस योजना के अंतर्गत कुल 132 पीयरों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी, ताकि एंट्री और एक्जिट लूप तैयार हो सकें।