ग्वालियर में लव मैरिज के 4 महीने बाद युवक ने दी जान, पत्नी और उसका साथी कर रहे थे परेशान
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 09:36:53 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 09:43:09 AM (IST)
HighLights
- तिघरा का रहने वाला था मृतक युवक
- पैसे की मांग और अवैध संबंध के आरोप
- मर्ग कायम कर कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में अटल द्वार के पास बुधवार सुबह धर्मवीर सिंह का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। चार माह पहले ही उसने प्रेम विवाह किया था। स्वजन ने मृतक की पत्नी और उसके एक साथी पर गंभीर आरोप लगाते हुए इन्हें आत्महत्या का जिम्मेदार बताया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तिघरा के सीता का पुरा का रहने वाला है मृतक
मृतक तिघरा के सीता का पुरा का रहने वाला है। मृतक के बड़े भाई परमाल सिंह ने बताया कि धर्मवीर ने करीब चार महीने पहले लक्ष्मी रावत नाम की महिला से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद धर्मवीर अपनी पत्नी के साथ पुरानी छावनी के स्टोन पार्क के पास किराये पर रहने लगा था। वह रात को वहीं रुकता और दिन में अपने घर आ-जा रहा था। परिवार इस रिश्ते से पूरी तरह खुश था और किसी को कोई आपत्ति नहीं थी। परमाल के मुताबिक, एक दिन पहले दोपहर में ही उसकी धर्मवीर से मुलाकात हुई थी, तब किसी को यह अंदेशा नहीं था कि वह उनकी आखिरी मुलाकात होगी।
भाई का आरोप, रुपयों की मांग और अवैध संबंधों का शक
परमाल सिंह ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही लक्ष्मी धर्मवीर को पैसों के लिए लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। यहां तक कि धर्मवीर ने अपने भाई से कुछ पैसे भी उधार मांगे थे, लेकिन तंगी के कारण परमाल उसकी मदद नहीं कर सका।
परिजनों का यह भी दावा है कि लक्ष्मी का किसी अन्य युवक के साथ संबंध था। जब घटना के बाद परमाल ने लक्ष्मी के मोबाइल पर फोन किया, तो काल किसी 'दौलत' नाम के युवक ने रिसीव की और दोनों ने धर्मवीर को पहचानने से ही साफ इनकार कर दिया।
परिवार का कहना है कि पत्नी और उसके साथी की इन्हीं प्रताड़नाओं से तंग आकर धर्मवीर ने यह कदम उठाया है।
युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। मृतक के मोबाइल की काल डिटेल खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा हो सकेगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी। -डॉ.संतोष यादव, थाना प्रभारीपुरानी छावनी।