परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के 12 फेरे कैंसिल, मुरैना-भिंड से मकरोनिया जाने वाली ट्रेनें प्रभावित
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 01831/01832 मुरैना-मकरोनिया-मुरैना अनारक्षित परीक्षा स्पेशल के पांच फेरे निरस्त किए गए हैं।
Publish Date: Mon, 05 Oct 2026 09:30:11 PM (IST)Updated Date: Mon, 05 Oct 2026 10:04:31 PM (IST)
HighLights
- मुरैना-मकरोनिया स्पेशल ट्रेन के 5 फेरे रद
- भिंड-मकरोनिया ट्रेन के 7 फेरे किए गए निरस्त
- यात्रियों के लिए स्टेशनों पर रेक रहेगा उपलब्ध
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। परीक्षार्थियों की कम संख्या को देखते हुए रेलवे ने मुरैना-मकरोनिया और भिंड-मकरोनिया के बीच चल रही अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के 12 फेरे निरस्त कर दिए हैं। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 01831/01832 मुरैना-मकरोनिया-मुरैना अनारक्षित परीक्षा स्पेशल के पांच फेरे निरस्त किए गए हैं।
इनमें गाड़ी संख्या 01831 के मुरैना से मकरोनिया जाने वाले पाच, छह और आठ अक्टूबर के तीन फेरे शामिल हैं। वहीं गाड़ी संख्या 01832 के मकरोनिया से मुरैना जाने वाले छह और सात अक्टूबर के दो फेरे निरस्त रहेंगे।
भिंड-मकरोनिया-भिंड अनारक्षित परीक्षा स्पेशल के सात फेरे रद
इसी तरह गाड़ी संख्या 01833/01834 भिंड-मकरोनिया-भिंड अनारक्षित परीक्षा स्पेशल के सात फेरे भी रद किए गए हैं। गाड़ी संख्या 01833 के भिंड से मकरोनिया जाने वाले सात, नौ, 10 और 11 अक्टूबर के चार फेरे निरस्त रहेंगे। जबकि गाड़ी संख्या 01834 के मकरोनिया से भिंड जाने वाले 10, 11 और 12 अक्टूबर के तीन फेरे निरस्त किए गए हैं।
ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी जरूर ले
रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों और अन्य यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें। ट्रेनों के निरस्तीकरण की सूचना स्टेशनों के सूचना पट्ट, पूछताछ कार्यालय और उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से दी जा रही है। रेलवे ने यह भी बताया है कि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों की सुविधा के लिए ग्वालियर स्टेशन अथवा आसपास के स्टेशन पर एक अनारक्षित रेक उपलब्ध रखा जाएगा। परीक्षा के लिए आने-जाने वाले अभ्यर्थियों को ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है।