धौलपुर: पोखर में डूबी श्रद्धालुओं से भरी ईको वैन, मुरैना के बच्चे समेत 4 लोगों की मौत, 8 घायल
कार सवार सभी लोग धौलपुर और मुरैना के रहने वाले हैं। पोखर की साइड से चालक सड़क का अंदाजा नहीं लगा और कार पोखर में चली गई और डूब गई।
Publish Date: Sat, 05 Sep 2026 11:14:15 PM (IST)Updated Date: Sat, 05 Sep 2026 11:14:50 PM (IST)
HighLights
- सड़क पर भरा था पानी
- चार लोगों की मौत
- दर्शन करने जा रहे थे सभी
डिजिटल डेस्क। धौलपुर स्थित जाहरवीर बाबा के दर्शन करने जा रहे लोगों की ईको कार शनिवार दोपहर फूलपुर गांव में पोखर में डूब गई। हादसे में मुरैना के एक बालक व धौलपुर की मां-बेटा और बेटी की मौत हो गई। हादसे में कुल आठ लोग घायल हो गए। कार सवार सभी लोग धौलपुर और मुरैना के रहने वाले हैं।
इंच्छापुरा जसुपुरा मनियां निवासी रामकिशन (44) अपनी ईको गाड़ी से परिवार की 25 वर्षीय रूबी, 26 वर्षीय सपना एवं अपने रिश्तेदार 10 वर्षीय दिव्यांश ठाकुर पुत्र पुष्पेंद्र निवासी भराना देवगढ़ जिला मुरैना, सात वर्षीय कृष्णा निवासी बीलोनी कंचनपुर धौलपुर, 26 वर्षीय रतन देई पत्नी पुष्पेंद्र ठाकुर निवासी भराना मुरैना, सात वर्षीय कन्हैया पुत्र पुष्पेंद्र ठाकुर निवासी भराना मुरैना एवं 55 वर्षीय गुड्डी निवासी बीलोनी कंचनपुर जहारपीर बाबा के दर्शन करने फूलपुर गांव के पास जा रहे थे।
साइड से चालक सड़क का अंदाजा नहीं लगा और कार पोखर में चली गई...
रास्ते में मनियां कस्बे में मोड पर उन्हें 32 वर्षीय सपना निवासी तसीमो सैंपऊ धौलपुर और उसकी तीन वर्षीय बेटी प्राची, एक वर्षीय बेटा हर्षित एवं 55 वर्षीय गंगा देवी मिल गए। जिन्हें सवारी के रूप में बैठा लिया। रास्ते में फूलपुर गांव में एक पुरानी पोखर का पानी मुख्य सड़क पर भर रहा है। पोखर की साइड से चालक सड़क का अंदाजा नहीं लगा और कार पोखर में चली गई और डूब गई।
हादसे में सपना (32) पत्नी शैलेश जाटव निवासी तसीमो, उसके एक वर्षीय बेटे हर्षित, तीन वर्षीय बेटी प्राची और 10 वर्षीय दिव्यांश पुत्र पुष्पेंद्र निवासी मुरैना की मौत हुई है।