अचलेश्वर मंदिर की दानपेटी में डॉलर व पुराना सिक्का, वेतन-बोनस व नौकरी के डर से बाबा के दर पहुंचे कर्मी
श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर की तीन माह बाद दानपेटियां बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में खोली गईं।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 12:33:56 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 12:35:11 PM (IST)
दानपेटी से निकले नोट और मौजूद बैंक अधिकारी। नईदुनियाHighLights
- वेतन देरी और नौकरी का डर
- बाबा से न्याय और बोनस की गुहार
- पांच पेटियों से 8.50 लाख की गिनती
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भगवान के दरबार में भक्त अपनी श्रद्धा के साथ वह सब कुछ अर्पित करते हैं, जो उनके लिए अनमोल होता है। कोई धन चढ़ाता है, तो कोई पुरखों की निशानी और कोई अपने मन की पीड़ा को एक छोटी-सी पर्ची पर लिखकर भगवान के चरणों में रख देता है।
तीन माह बाद खुलीं दानपेटियां...
श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर की तीन माह बाद दानपेटियां खुलीं तो इनमें रुपये-पैसों के साथ दो अमेरिकी डॉलर, करीब 120 साल पुराना सिक्का और चांदी के नाग-नागिन के जोड़े भी मिले। लेकिन इन सबके बीच सबसे ज्यादा ध्यान खींचा उन अर्जियों ने, जिनमें भक्तों ने अपनी जिंदगी की मुश्किलें और मन की व्यथा लिखी थी। जेएएच परिसर स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों ने समय पर वेतन नहीं मिलने, बोनस अटकने और शिकायत करने पर नौकरी से निकालने की धमकी मिलने की पीड़ा बाबा के सामने रखी है। वहीं, किसी ने सरकारी नौकरी पाने, किसी ने संतान सुख और किसी ने प्रेम में मिलन की कामना की है।
वेतन-बोनस अटका, नौकरी जाने का डर, बाबा से लगाई गुहार
दानपेटी से मिली एक अर्जी में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आउटसोर्स कंपनी एजाइल सिक्योरिटी लिमिटेड के माध्यम से काम करने वाले कर्मचारियों ने अपनी परेशानी लिखी है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता और हर महीने का वेतन अगले महीने की 25 तारीख को दिया जाता है। वह भी सभी कर्मचारियों को एक साथ नहीं मिलता। करीब 10 हजार रुपये महीने की आय में परिवार चलाने वाले इन कर्मचारियों के लिए वेतन में देरी परेशानी बढ़ा देती है। उनका कहना है कि त्योहारों पर भी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है।
नौकरी से निकालने की धमकी दिए जाने की शिकायत भी
कर्मचारियों ने बोनस नहीं मिलने और अपनी समस्या उठाने पर नौकरी से निकालने की धमकी दिए जाने की शिकायत भी की है। एक अर्जी में श्रम विभाग के अधिकारियों को लेकर भी नाराजगी जताई गई है। कर्मचारियों का आरोप है कि शिकायत करने पर उनका नाम गोपनीय रखने के बजाय कंपनी को बता दिया जाता है, जिसके बाद शिकायतकर्ता को नौकरी से हटाने का खतरा बना रहता है। उन्होंने अपनी अर्जी में बाबा से उनकी परेशानी दूर कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होने की प्रार्थना की है।
पांच दानपेटियों से मिले 8.50 लाख बाकी की गिनती आज
श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर में करीब तीन महीने बाद दानपेटियां खोली गई हैं। गुरुवार को पांच दानपेटियों से लगभग 8.50 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई, जिसे बैंक में जमा कराया गया। मंदिर अध्यक्ष राजेश ऐरन के अनुसार दानपेटियां खोलने और राशि की गिनती का काम वरिष्ठ बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया।
गिनती को बाहर लगी टीवी स्क्रीन पर भी दिखाया
मंदिर कार्यालय में चल रही गिनती को बाहर लगी टीवी स्क्रीन पर भी दिखाया गया, ताकि श्रद्धालु पूरी प्रक्रिया देख सकें। गुरुवार को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक गिनती चली। शुक्रवार सुबह 10 बजे से शेष आठ दानपेटियों को खोलकर राशि की गणना की जाएगी। इसके बाद ही कुल दानराशि का आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा।