नशे में पति ने पत्नी को बेरहमी से पीटा, तनख्वाह के पैसे पूछने पर बोला- जुए में हार गया सब
पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 12:22:38 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 12:23:11 PM (IST)
HighLights
- तनख्वाह के पैसे मांगने पर हुआ विवाद
- नशे में शराबी पति ने की बेरहमी से पिटाई
- पीड़िता ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई एफआईआर
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के हजीरा क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी को नशे की हालत में बेरहमी से पीटा। वह जुए में रुपये हार गया तो पत्नी ने टोका। इसके बाद गुस्से में उसने पत्नी पर ही हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़िता रंजना ने पुलिस को बताया कि उसका पति संजय मराठे निजी कंपनी में काम करता है। उसे हर माह 12 हजार रुपये तनख्वाह मिलती है। वह शराब पीता है। रात को जब वह घर आया तो पत्नी ने तनख्वाह के बारे में पूछा। तनख्वाह के बारे में पत्नी ने पूछा तो वह बोला कि जुए में हार गया। इसके बाद पत्नी रोने लगी।
घर का खर्च चलाने के लिए मांगे थे पति से रुपये
उसने पूरे माह घर का खर्च चलाने के लिए रुपये मांगे। इस पर वह बहस करने लगा। इसके बाद उसने महिला पर हमला कर दिया। महिला को बेरहमी से पीटा। महिला घर से बाहर निकली और अपनी बहन के पास पहुंची। फिर यह लोग थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई।
होटल मालिक और महिला रिसेप्शनिस्ट को गोली मारने की धमकी
- शहर के इंदरगंज क्षेत्र में होटल गीतांजलि में काम करने वाली महिला कर्मचारी और होटल मालिक को गोली मारने की धमकी दी गई। यहां दो युवक शराब के नशे में पहुंचे थे। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
- इंदरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत मैना वाली गली स्थित होटल गीतांजलि में इंद्रा कालोनी निवासी हेमा राजपूत (44) होटल में रिसेप्शन पर काम करती हैं। बीती रात करीब नौ बजे सुनील पाल उर्फ लल्ला अपने एक साथी के साथ नशे में होटल पहुंचा।
उसने शराब पीने के लिए कमरा खोलने को कहा। हेमा ने कहा कि होटल के अंदर शराब पीना प्रतिबंधित है। इस पर सुनील और उसका साथी अभद्रता करने लगा। हेमा को जान से मारने की धमकी दी, फिर होटल मालिक हेमंत शिवहरे के कमरे तक पहुंच गया। उसे भी धमकाया।