नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। हिंदू पंचांग का अश्विन मास चल रहा है। इस मास में हल्की सर्दी शुरू हो जाती है, लेकिन इसके विपरीत सूरज की तेज किरणों से तापमान में दिन पर दिन बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया यानी अश्विन के स्वभाव से तापमान का आंकड़ा छत्तीस पर पहुंच गया। तेज धूप ने लोगों का पसीना निकाल दिया।
मानसून की विदाई के साथ चुभती गर्मी का अहसास होने लगा है। अक्टूबर के महीने में भी लोगों के पसीने निकल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 15 दिन तक इसी तरह का मौसम रह सकता है। इसके बाद रात के समय ठंड का अहसास शुरू होगा। वर्षा होने की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। लेकिन तापमान में बढ़ोतरी के चलते गर्मी में और इजाफा होगा। छह से नौ अक्टूबर तक आसमान साफ रहेगा।
कभी कभार बादल की हल्की परत दिखाई दे सकती है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी से रेखा लखीमपुर खीरी, शिवपुरी, कोटा, उदयपुर, दीसा, सुरेंद्रनगर, जूनागढ़ होते हुए गुजर रही है। वहीं लक्षद्वीप और निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर भी चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इस कारण अगले 24 घंटे में कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है।
अगर यह सिस्टम मजबूत होता है, तो शहर में पोस्ट मानसून वर्षा की संभावना बन सकती है। अक्टूबर के महीने में बढ़ता तापमान काफी हैरान करने वाला है। आमतौर पर अक्टूबर के महीने में हल्की-हल्की ठंड का अहसास होता है, लेकिन अभी भी तेज गर्मी पड़ रही है। इससे बचने के लिए लोग कूलर और एसी चला रहे हैं।