AI से दो नाबालिग बहनों की न्यूड फोटो बनाकर इंस्टाग्राम पर की वायरल, सहपाठियों को भी भेजी; छात्राएं सहमीं, स्कूल छूटा
इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। छात्राएं इतनी तनाव में हैं कि वह स्कूल तक नहीं जा रहीं, क्योंकि उनके कई सहपाठियों को भी यह वीडियो भेजी गई है।
Publish Date: Sat, 03 Oct 2026 06:40:31 PM (IST)Updated Date: Sat, 03 Oct 2026 06:41:45 PM (IST)
HighLights
- नेहा नाम की फर्जी इंस्टा आईडी से जालसाजी
- पिता संग फोटो एडिट कर रिश्तेदारों को भेजा
- छात्राओं में दहशत, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के जनकगंज इलाके में रहने वालीं दो नाबालिग बहनों के फोटो AI से एडिट करने के बाद इन्हें अश्लील बना दिया गया। फिर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। छात्राएं इतनी तनाव में हैं कि वह स्कूल तक नहीं जा रहीं, क्योंकि उनके कई सहपाठियों को भी यह वीडियो भेजी गई है।
हैकर ने फोटो एआई से एडिट कर न्यूड फोटो में बदल दिया
जनकगंज में रहने वाली महिला के पास नेहा-1417 नाम की इंस्टा आईडी से फॉलो रिक्वेस्ट आई थी। उन्होंने इसे फॉलो कर लिया। इसके बाद उनकी आईडी से उनकी दोनों नाबालिग बेटियों के फोटो निकाल लिए।
हैकर ने उनकी बेटियों के फोटो एआई से एडिट कर इन्हें न्यूड फोटो में बदल दिया।
इतना ही नहीं यह फोटो पिता के साथ लगाकर इंस्टाग्राम पर ही अपलोड कर दी। उनके नाम से यह आईडी बनाकर सारे रिश्तेदारों को फॉलो रिक्वेस्ट भेजी।
मैसेंजर पर फोटो भेज दिए। रिश्तेदारों को भी यह फोटो मिली तो उन्होंने इनकी मां को कॉल किया। तब पता लगा। छात्राओं के सहपाठियों को भी यह फोटो भेजे गए। अब इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।