बौद्ध भिक्षु बनकर बनवाए 70 पासपोर्ट, 7 आरोपियों पर चलेगा केस, 66 अब भी फरार
जांच में पता चला है कि एक ही पते और एक ही मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर सिमरिया टेकरी, वार्ड-1 में 17 पासपोर्ट बनवाए गए थे।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 02:40:22 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 02:45:40 PM (IST)
HighLights
- एक ही पते और नंबर पर बने 17 पासपोर्ट
- मठों की आड़ में तैयार हुए फर्जी कागजात
- एसटीएफ जांच के बाद अभियोजन की अनुमति
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बौद्ध भिक्षु बनकर बांग्लादेशी घुसपैठियों के भारतीय पासपोर्ट बनवाने वाले बड़े सिंडिकेट के खुलासे के बाद एसटीएफ की 90 दिन की जांच में ऐसे पुख्ता दस्तावेज मिले हैं, जिनसे मास्टरमाइंड और उसके साथियों की पूरी साजिश सामने आ गई।
इसी आधार पर ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने पकड़े गए सातों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है।
जांच में पता चला है कि एक ही पते और एक ही मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर सिमरिया टेकरी, वार्ड-1 में 17 पासपोर्ट बनवाए गए थे। इसी गड़बड़ी से जांच एजेंसियों को पूरे नेटवर्क का सुराग मिला।
मठों की आड़ में तैयार हुए फर्जी कागजात
तफ्तीश के मुताबिक, मास्टरमाइंड रियाल चौधरी उर्फ मित्यानंद भिक्षु और उसके साथियों ने बौद्ध धर्म का चोला ओढ़कर मठों में पैठ बनाई। फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। इन्हीं कागजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट जारी करा लिए गए। इस मामले में मुख्य आरोपी रियाल चौधरी सबसे पहले पकड़ा गया था। इसके बाद विप्लव अधिकारी, प्रयॉन रॉय, जॉय चौधरी, गयाप्रसाद गौतम उर्फ ज्ञानज्योति भंते, गुलाबराय गौतम उर्फ सम्यकबोधि भंते और भोपाल पासपोर्ट सेल के एजेंट नसीम अख्तर को भी पकड़ा जा चुका है।
70 में से 66 घुसपैठिए अभी फरार
इस गिरोह ने डबरा के अलावा भोपाल, बैतूल, पांढुर्ना और छिंदवाड़ा से कुल 70 बांग्लादेशियों के पासपोर्ट बनवाए थे। इनमें से अब तक सिर्फ चार ही पकड़े जा सके हैं, जबकि 66 फरार हैं।
फरार आरोपियों और उनके मददगारों की तलाश चल रही है। अभियोजन चलाने की अनुमति सात आरोपितों के खिलाफ मिल गई है। -राजेश सिंह भदौरिया, एसपी भोपाल