ग्वालियर में शराब के नशे में झगड़ा... पत्थर से कुचलकर किसान की हत्या, पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी को दबोचा
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसमें सामने आया कि उसका विवाद हुआ था।
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 09:10:02 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 09:14:35 PM (IST)
HighLights
- साथ बैठकर शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
- सिर पर पत्थर मारकर किसान की ली जान
- CCTV फुटेज के आधार पर पकड़ाया आरोपी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के गोला का मंदिर इलाके में शराब की दुकान के पास 45 वर्षीय किसान की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। 12 घंटे में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। दोनों ने साथ में शराब पी थी। इसी दौरान मुंहवाद हो गया। फिर आरोपी ने किसान के सिर पर भारी पत्थर दे मारा। इससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है।
अपने परिचित से बीज गांव में घर पर पहुंचवा दिए
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पदमपुर खेरिया का रहने वाला सुघर सिंह पुत्र देवीसिंह राठौर किसान था। वह बीते रोज घर से आलू के बीज लेने की कहकर निकला था। नारायण विहार कॉलोनी स्थित दुकान से उसने बीज खरीदे। इसके बाद अपने परिचित से बीज गांव में घर पर पहुंचवा दिए। रात में वह गोला का मंदिर चौराहा स्थित शराब की दुकान पर पहुंचा। जहां वह शराब पी रहा था।
रात को देर रात तक दोनों ने शराब पी
इसी दौरान शंकर सिंह कुशवाह निवासी भिंड आया। वह भी साथ में शराब पीने लगा। रात को देर रात तक दोनों ने शराब पी। इसी दौरान जब दोनों नशे में धुत्त हो गए तो मुंहवाद हो गया। गुस्से में शंकर ने उसके सिर पर पत्थर पटक दिया। फिर भाग निकला। यहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर पड़ी तो किसान लहूलुहान पड़ा हुआ था। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
फिर शव पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसमें सामने आया कि उसका विवाद हुआ था। शंकर की पहचान होने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गोला का मंदिर इलाके में हत्या का मामला सामने आया था। 12 घंटे में राजफाश कर दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। - सुजावल जग्गा, एएसपी