ग्वालियर में फिल्मी अंदाज में चोरी... नर्सिंग होम संचालिका के बेडरूम से 25 लाख गायब; न ताला टूटा न अलमारी
इस अजीबोगरीब घटना ने पुलिस और डॉक्टर दंपति दोनों को उलझन में डाल दिया है। पुलिस पड़ताल में जुटी है।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 09:19:58 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 09:21:01 PM (IST)
HighLights
- बैग में रखे थे 25 लाख रुपये
- एक महीने बाद खुला मामले का राज
- सफाईकर्मी पर जताया जा रहा शक
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के नया बाजार स्थित मूंदड़ा नर्सिंग होम में किसी फिल्मी कहानी की तरह चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल संचालिका के बेडरूम में रखी अलमारी का ताला बिना टूटे, अंदर रखे 25 लाख रुपये रहस्यमय तरीके से गायब हो गए।
इस अजीबोगरीब घटना ने पुलिस और डॉक्टर दंपति दोनों को उलझन में डाल दिया है। पुलिस पड़ताल में जुटी है। घर में आने-जाने वालों की सूची तैयार की जा रही है। इनसे पूछताछ होगी। महिला कर्मचारी पर चोरी का संदेह जताया है।
क्या है पूरा मामला
डॉ. पूजा मूंदड़ा (50) अपने पति डॉ. अंशुमान मूंदड़ा के साथ अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर निवास करती हैं। बीते 18 अगस्त की शाम करीब छह बजे उन्होंने बेडरूम के कोने में रखी लकड़ी की एक छोटी अलमारी में 500-500 रुपये की 50 गड्डियां यानि 25 लाख रुपये एक बैग में रखकर उस पर छोटा ताला लगा दिया था।
करीब एक महीने बाद, जब 19 सितंबर को उन्होंने किसी जरूरत के लिए अलमारी खोली तो उनके होश उड़ गए। बैग अपनी तय जगह पर रखा हुआ था, लेकिन जब उसे खोलकर देखा तो अंदर नकदी गायब थी। कमरे या अलमारी में जबरन घुसने या तोड़फोड़ का कोई भी निशान नहीं मिला है।
डॉ. पूजा के अनुसार, अलमारी की चाबी आमतौर पर उनके पास ही रहती थी, लेकिन कई बार जल्दबाजी में वह बेडरूम में ही छूट जाती थी। उनकी गैरमौजूदगी में घर की साफ-सफाई करने वाली महिला कर्मचारी का बेडरूम में आना-जाना रहता था, जिसके चलते उसी पर चोरी का शक जताया जा रहा है।
सफाईकर्मी से खुद की पूछताछ
घटना के सामने आने के बाद डॉक्टर दंपति ने पहले अपने स्तर पर सफाईकर्मी से पूछताछ की और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली थाना प्रभारी विनायक करकरे ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बिना ताला टूटे और बिना किसी जोर-जबरदस्ती के इतनी बड़ी रकम पार कैसे हुई, पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है। संदेही सफाईकर्मी के साथ-साथ आसपास के अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।