FIR Against Asp Amrit Meena: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। रायसेन जिले में पदस्थ रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अमृतलाल मीणा के खिलाफ विदिशा जिले के आनंदपुर थाने में अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज हुआ है। मीणा वर्तमान में ग्वालियर में पदस्थ हैं। मामला फर्जी जाति प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी पाने का है। विधानसभा चुनाव से पहले अमृतलाल रायसेन जिले में एएसपी थे। उन्होंने लटेरी तहसील से जाति प्रमाण पत्र बनवाया था, जिसमें आनंदपुर थाना क्षेत्र का निवासी होना बताया था। इस कारण लटेरी क्षेत्र के आनंदपुर थाने में उनके खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ है। बता दें कि फर्जी जाति प्रमाण पत्र के मामले में साल 2016 में राज्य स्तरीय जांच समिति ने रिपोर्ट सरकार को सौंपी थी। इस दौरान कई अधिकारियों पर केस दर्ज हुए थे, लेकिन मीणा तब हाइकोर्ट से स्टे ले आए थे। अब स्टे की अवधि समाप्त होते ही उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
महाराजपुरा इलाके में दो समुदायों में सोमवार देर रात झगड़ा हो गया। एक समुदाय ने दूसरे पर जमकर पथराव किया। इसमें एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया, वहीं गाड़ी की भी तोड़फोड़ हुई। महाराजपुरा इलाके में मुस्लिम समुदाय ने मस्जिद के पास हिन्दू समुदाय के लोगों पर पथराव कर दिया। पहले मुंहवाद हुआ था। इसके बाद पथराव शुरू कर दिया। इसमें सूचना मिलते ही यहां पुलिस पहुंच गई। एक पत्थर एक पुलिसकर्मी को लगा। इससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उपद्रवियों को शांत करवाया। देर रात तक गांव में तनाव का माहौल था और सतर्कता बरतते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। इधर.. महाराजपुरा इलाके में दो पक्ष में झगड़ा, गोली भी चली: महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मणगढ़ गांव में रहने वाले दो पक्षों में विवाद हो गया। इन लोगों में जमकर लाठी चली। इन लोगों ने गोलियां भी चलाई हैं। पुलिस ने रात को एफआइआर दर्ज की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।