'मुझसे शादी करोगे?', बॉयफ्रेंड का जवाब सुनने के बाद ग्वालियर के हॉस्टल में छात्रा ने लगा ली फांसी
जांच और कॉल डिटेल रिकार्ड के आधार पर पुलिस ने मृतका के प्रेमी आयुष शाक्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 06:07:27 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 06:37:57 PM (IST)
HighLights
- शादी को लेकर हुआ था विवाद
- कॉल डिटेल रिकार्ड से खुला राज
- फरार आरोपी की तलाश में पुलि
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित 'आयाम' गर्ल्स हॉस्टल में Competitive Exam की तैयारी कर रही 22 वर्षीय छात्रा विशाखा शाक्य की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। जांच और कॉल डिटेल रिकार्ड के आधार पर पुलिस ने मृतका के प्रेमी आयुष शाक्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
शादी की बात को लेकर हुआ था विवाद
मूलरूप से मुरैना (सबलगढ़) के बधरैंटा गांव की रहने वाली विशाखा ग्वालियर में रहकर Competitive Exam की तैयारी कर रही थी। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव के अनुसार- विशाखा और आयुष के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों के परिवार भी इस बात से वाकिफ थे। विशाखा आयुष से शादी करना चाहती थी, लेकिन आयुष शादी की बात से पीछे हट रहा था। घटना से ठीक एक दिन पहले, 29 जुलाई को भी दोनों के बीच शादी को लेकर फोन पर तीखी बहस हुई थी।
हॉस्टल संचालक और परिजनों के बयान बने आधार
हॉस्टल संचालक दंपति और विशाखा के परिजनों ने पुलिस को दिए बयानों में पुष्टि की है कि विशाखा अक्सर आयुष से फोन पर बात करती थी और शादी को लेकर मानसिक तनाव में रहती थी। परिजनों के मुताबिक, विशाखा ने आयुष को चेताया भी था कि यदि उसने शादी से इनकार किया तो वह कोई आत्मघाती कदम उठा लेगी। इसके बावजूद आरोपी का रवैया नहीं बदला।
कमरा बंद मिलने पर पुलिस को दी गई थी सूचना
30 जुलाई को घटना के समय विशाखा की रूममेट शहर से बाहर थी। जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो हॉस्टल संचालक ने तुरंत पड़ाव थाना पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो छात्रा का शव फंदे से लटका मिला।
थाना प्रभारी ने बताया कि मोबाइल सीडीआर और परिजनों के बयानों से स्पष्ट हुआ है कि आरोपी के बर्ताव और शादी से मुकरने की वजह से ही छात्रा ने यह कदम उठाया। पुलिस आरोपी आयुष की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है।