विधवा महिला को ब्लैकमेल करने का केस दर्ज, अश्लील फोटो वायरल करने की दे रहा था धमकी
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर माधौगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 01:26:57 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 01:27:33 PM (IST)
HighLights
- अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी
- माधौगंज थाने में आरोपी पर केस दर्ज
- पुलिस कर रही आरोपी की तलाश तेज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के माधौगंज में रह रही 36 वर्षीय विधवा महिला को उसके पुराने दोस्त बलदेव शर्मा उर्फ गोलू ने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पति के निधन के बाद आरोपी ने महिला पर मिलने का दबाव बनाया और इनकार करने पर एडिटेड अश्लील फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है।
पीडि़ता ने हिम्मत जुटाकर माधौगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सूने घर में चोर घुसे गहने व रुपये ले गए
ग्वालियर शहर के कंपू क्षेत्र में सूने घर का ताला तोड़कर शातिर चोर सोना-चांदी के गहने और 60 हजार रुपये चोरी कर ले गए। चोरी होने का पता तब लगा। जब परिवार घर लौटकर आया। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
जयपुर में निजी कंपनी में नौकरी करते हैं धर्मेंद्र
कंपू थाना क्षेत्र के अंतर्गत सांई कालोनी में धर्मेंद्र डेयरी के पास रहने वाले धर्मेंद्र रावत जयपुर में निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। यहां उनकी पत्नी उर्मिला बच्चों के साथ रहती हैं। धर्मेंद्र की बहन की ससुराल दतिया में है। बहन कुछ दिनों से बीमार चल रही है। इसके चलते धर्मेंद्र की पत्नी उर्मिला घर पर ताला डालकर दतिया गई थीं। इसी दौरान सूने घर पर चोरों ने धाबा बोल दिया।
चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। चोर घर के अंदर से करीब ढाई तोला सोने के गहने, आधा किलो चांदी और 60 हजार रुपये चोरी कर ले गए। गुरुवार सुबह जब वह लौटकर घर आईं तो चोरी होने का पता लगा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।