
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री गोविंद सिंह के भतीजे अक्षय प्रताप सिंह पर यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने मारपीट की एफआईआर दर्ज की है। अक्षय पर आरोप है कि उसने एक युवक के साथ सिटी सेंटर क्षेत्र में उसके दफ्तर में घुसकर मारपीट की। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। पुलिस ने इसके चलते एफआईआर दर्ज की। वहीं अक्षय द्वारा भी युवक पर मारपीट का आरोप लगाया गया। उसके साथियों ने यूनिवर्सिटी थाने का घेराव किया।
प्रदीप नरवरिया की शिकायत पर यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने अक्षय प्रताप सिंह, अभिमन्यु व उसके साथियों पर एफआईआर दर्ज की है। प्रदीप ने पुलिस को बताया कि अक्षय प्रताप का दतिया में दफ्तर बन रहा है। इसमें एसी लगाने का काम उसे दिया था। दो हजार रुपये एडवांस दिए। इसके बाद वह अपने साथियों को लेकर दतिया पहुंच गया। यहां इन लोगों ने बाकी रुपये देने से इंकार कर दिया। इसके बाद काम बंद कर लौट आए।
बीते रोज यह लोग सिटी सेंटर स्थित दफ्तर में आए। यहां अक्षय के साथ उसके साथी भी थे। इन लोगों ने पूर्व मंत्री गोविंद सिंह के नाम से धमकी देते हुए हमला कर दिया। जमीन पर घसीटा, फिर कुर्सी भी मारी। इससे उनके शरीर में कई जगह चोट आई, तीन फ्रैक्चर भी हैं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। थाने पहुंचकर शिकायत की, तब पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
इस मामले में आरोपित अक्षय प्रताप सिंह ने भी मारपीट का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि प्रदीप नरवरिया से एसी लगाने को लेकर पांच हजार रुपये में बात हुई थी। दो हजार एडवांस दिए थे। वहां जाकर यह लोग चार हजार रुपये मांगने लगे। जबकि तीन हजार रुपये बाकी थे। इसके बाद काम बंद कर आ गए। वह दो हजार रुपये वापस लेने गया था, इस दौरान प्रदीप ने हमला कर दिया। इससे उसका दांत भी टूट गया।
दफ्तर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है। फुटेज भी हैं। इस आधार पर अक्षय प्रताप सिंह व उसके साथियों पर एफआईआर दर्ज की गई है। - रविंद्र जाटव, थाना प्रभारी, यूनिवर्सिटी