
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शिवपुरी लिंक रोड केदारपुर स्थित नगर निगम की लैंडफिल साइट में रविवार की शाम पुराने कचरे के पहाड़ों (लेगेसी वेस्ट) में आग लग गई। देखते ही देखते सूखे हुए पुराने कचरे के पहाड़ों में आग फैल गई और बड़े हिस्से को अपने कब्जे में ले लिया। आग की लपटें देखकर लैंडफिल साइट के स्टाफ ने फायर ब्रिगेड को फोन किया।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने देर रात तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक कचरा धू-धू कर जलता रहा। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। निगम अफसरों का कहना है कि इसे चेक कराया जाएगा कि आखिर आग कैसे लगी।
लैंडफिल साइट के पिछले हिस्से में लेगेसी वेस्ट कई वर्षों से डंप पड़ा है। इसमें मौजूद सूखा कचरा ठोस अपशिष्ट में बदल जाता है। रविवार की शाम अचानक ही कचरे के ये पहाड़ सुलगने लगे और इनसे आग की लपटें निकलने लगीं। थोड़ी ही देर में एक से दूसरे पहाड़ तक आग फैल गई।
फायर ब्रिगेड के अमले ने आग को बुझाने के काफी प्रयास किए, लेकिन देर रात तक लपटें शांत नहीं हुईं। नोडल अधिकारी फायर रजनीश गुप्ता ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है।
वहीं कार्यपालन यंत्री एसबीएम शैलेंद्र सक्सेना का कहना था कि जिस स्थान पर कचरे में आग लगी है, वहां लोगों की आवाजाही नहीं है, क्योंकि ताजा कचरे को अलग स्थान पर रखा जा रहा है। ऐसे में अब सोमवार को चेक कराया जाएगा कि आग कैसे लगी।