संकरे बाजारों में आग का खतरा, तंग गलियों में फंसी दमकल, नियमों को ताक पर रखकर बने अवैध गोदाम
महाराज बाड़ा और उसके आसपास के संकरे बाजारों में नियमों को ताक पर रखकर बहुमंजिला गोदाम बने हैं।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 12:10:56 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 12:26:51 PM (IST)
नई सड़क पर एक बहुमंजिला इमारत में लगी थी आग। फाइल फोटोHighLights
- दोपहिया निकलना मुश्किल, कैसे पहुंचे दमकल वाहन
- बहुमंजिला इमारतों व घरों में भरे ज्वलनशील सामान
- अग्नि सुरक्षा के इंतजाम नदारद, पहले भी हुए बड़े हादसे
प्रियंक शर्मा, नईदुनिया, ग्वालियर। नई सड़क पर शनिवार की रात हुई अग्नि दुर्घटना ने एक बार फिर शहर की संकरी गलियों में चल रहे गोदामों की गड़बड़ियों को उजागर कर दिया है। शहर के पुराने हिस्से में महाराज बाड़ा और उसके आसपास के बाजारों की गलियां इतनी संकरी हैं कि दोपहिया वाहन निकालना भी मुश्किल होता है।
इन बाजारों में कपड़े, फोम, गद्दे, केमिकल और अन्य ज्वलनशील सामान का बड़े पैमाने पर कारोबार और भंडारण होता है। दिनभर हजारों लोगों की आवाजाही के बीच आग लगने की स्थिति में दमकल वाहनों का घटनास्थल तक पहुंचना ही सबसे बड़ी चुनौती साबित हो रहा है।
अग्निशमन के पर्याप्त नहीं इंतजाम
लश्कर क्षेत्र के मोचीओली, टोपी बाजार, दही मंडी, दानाओली, नजरबाग मार्केट, हलवाटखाना आदि इलाकों में बहुमंजिला इमारतों में गोदाम और कारोबार संचालित हो रहे हैं। कई भवनों में ऊपरी मंजिलों तक माल भरा हुआ है, लेकिन यहां अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। घरों के अंदर भी गोदाम और छोटे कारखाने बना लिए गए हैं।
ऐसे में अग्नि दुर्घटना की स्थिति में यहां रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा जब भी इन इलाकों में अग्नि दुर्घटना होती है, तब करोड़ों रुपये का नुकसान होता है। कई दुर्घटनाओं के दौरान लोगों की जान भी जा चुकी है।
शहर में अभी तक हुईं प्रमुख अग्नि दुर्घटनाएं
- चार जून 2010 को महाराज बाड़े स्थित विक्टोरिया मार्केट में आग लगने से 147 दुकानें जलकर खाक हो गई थीं।
- 13 जून 2015 को मुरार के एक मकान में आग लग गई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी।
- 17 मार्च 2016 आनंद नगर में बंसल फोम के गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया।
- 21 मार्च 2019 को कांचमिल स्थित गत्ता फैक्ट्री में आग लगी थी।
- 11 मई 2019 को टोपी बाजार स्थित दुकान में आग लगी थी।
- सात अप्रैल 2019 को दानाओली नोवल्टी गिफ्ट सेंटर में आग लगी थी।
- 15 अक्टूबर 2019 को पुरानी छावनी प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगी।
- 11 मार्च 2020 को मोची ओली में लगी आग से वृद्ध दंपत्ति की मौत हो गई थी।
- 18 मई 2020 को रोशनीघर मार्ग पर गोयल पेंट हाउस के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
- 25 अगस्त 2022 को सराफा बाजार में स्थित राधाकृष्ण मार्केट में आग लगी थी।
- 24 सितंबर 2022 को कांचमिल की जूता फैक्ट्री में आग लगी थी, जहां कर्मचरियों ने कूद कर अपनी जान बचाई थी। 30 जनवरी को ग्वालियर व्यापार मेले में दुकानों में आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ था।
- वर्ष 2024 में संगम वाटिका व रंगलमहल में आग लगने से पूरा गार्डन जलकर खाक हो गया था।
- वर्ष 2025 में फरवरी माह में मेले की दुकाने आग की चपेट में आ गई थी।
- वर्ष 2026 में दौलतगंज में आग लगने से महिला की मौत हो गई थी।
![naidunia_image]()