ग्वालियर: SSP ऑफिस के पास दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग, बाइक रिकवरी को लेकर भिड़े दो गुट
वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। जहां यह वारदात हुई, वहां बैंक सहित अन्य बड़े संस्थान व कई दुकानें हैं। यूनिवर्सिटी थाना पुलिस अपराधियों की तलाश म...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 26 Sep 2026 07:09:13 PM (IST)Updated Date: Sat, 26 Sep 2026 07:09:45 PM (IST)
दिनदहाड़े गोलाबारी की घटना के बाद लगा लोगों की भीड़ और जांचकरती पुलिस। नईदुनियाHighLights
- फाइनेंस EMI विवाद में बदमाशों ने की 5 राउंड गोलीबारी
- पीट रहे एजेंट को बचाने पहुंचे लोगों पर चलाईं गोलियां
- वारदात का वीडियो वायरल, आरोपियों पर केस दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के सबसे पॉश इलाके सिटी सेंटर में शनिवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब SSP ऑफिस से करीब 100 मीटर की दूरी पर फाइनेंस बाइक के लेनदेन को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े 4 से 5 राउंड जमीन पर फायर किए। गोलियां चलाकर आरोपी फरार हो गए। इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। जहां यह वारदात हुई, वहां बैंक सहित अन्य बड़े संस्थान व कई दुकानें हैं। यूनिवर्सिटी थाना पुलिस अपराधियों की तलाश में लगी है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
EMI बकाया होने पर रोका था बाइक सवार को
भाविका एसोसियेट फाइनेंस कंपनी का कलेक्शन एजेंट राजकुमार प्रजापति अपने साथी शुभम शर्मा और शिवम शाक्य के साथ वसूली पर निकला था। एलआईसी ऑफिस के पास इन लोगों ने पत्नी के साथ बाइक से जा रहे प्रशांत शर्मा को रोक लिया। प्रशांत अपने बहनोई गिर्राज शर्मा की बाइक लेकर जा रहा था। यह बाइक भाविका एसोसियेट से फाइनेंस थी। जिसकी EMI नहीं भरी गई थी। इसलिए कलेक्शन एजेंट ने बाइक रोकी। इस पर प्रशांत शर्मा से मुंहवाद हो गया।
कलेक्शन एजेंट व उसके साथी की मारपीट कर दी
प्रशांत शर्मा ने अपने साथी आदित्य पाराशर, सौरभ गुर्जर और राहुल डंगस को फोन कर बुला लिया। इन सभी ने मिलकर कलेक्शन एजेंट व उसके साथी की मारपीट कर दी। सालासर मॉल के पीछे राजकुमार प्रजापति का परिचित संदीप गुर्जर यहां खड़ा था। उसने रोका तो यह लोग उससे भी उलझ गए।
इसी बीच संदीप का भाई सतेंद्र गुर्जर अपने साथी विक्की उर्फ विकास गुर्जर व अन्य के साथ काले रंग की स्कार्पियो से आ गया। इन लोगों ने प्रशांत शर्मा, आदित्य पाराशर, सौरभ गुर्जर और राहुल डंगस की मारपीट शुरू कर दी।
इसके चलते इन लोगों ने एक के बाद एक चार से पांच राउंड जमीन पर फायर कर दिए। फिर यहां से भाग निकले। काले रंग की स्कार्पियो से सतेंद्र व उसके साथियों ने पीछा किया। गोली चलने के बाद यहां पुलिस पहुंची। मौके से दो कारतूस पुलिस को मिले हैं। घटना का एक वीडियो भी मिला है।
पहले बोला प्रशांत- बाइक खरीदी है
- पहले तो प्रशांत बोला कि गिर्राज शर्मा से 30 हजार रुपये में बाइक खरीदी है। बाद में हकीकत सामने आई। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
दो पक्षों में विवाद, बाहर से आए गुंडों से बिगड़ा माहौल
- दो पक्षों में सामान्य विवाद हो रहा था। पहले प्रशांत शर्मा फिर राजकुमार प्रजापति ने गुंडे बुलाए। इसके बाद माहौल बिगड़ गया और मामला गोलीबारी तक पहुंच गया।
गोली चलाने वाले गुंडों पर पहले से दर्ज हैं मामले
आरोपी आदित्य पाराशर, राहुल डंगस और सौरभ गुर्जर पर विश्वविद्यालय थाने में पूर्व से अपराध दर्ज है। मारपीट, धमकाने सहित अन्य धाराओं में 2023 में एफआइआर दर्ज हुई थी। इस मामले में चालान भी पेश हो चुका है।
सिटी सेंटर पर गोलीबारी की घटना हुई थी। आरोपी चिन्हित हो गए हैं। बाइक के फाइनेंस को लेकर झगड़ा शुरू हुआ था, फिर तीसरा पक्ष आने पर विवाद बढ़ गया। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे। - रवि भदौरिया, सीएसपी, विश्वविद्यालय