ग्वालियर में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा लिफ्ट में फंसे, 15 मिनट की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकले
घटना संजय कॉम्प्लेक्स, जयेंद्रगंज के सामने स्थित एक बहुमंजिला बिल्डिंग की है।
Publish Date: Tue, 13 Oct 2026 04:40:24 PM (IST)Updated Date: Tue, 13 Oct 2026 04:40:55 PM (IST)
लिफ्ट में फंसे दिखाते पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा (लाल घेरे में)। सोशल मीडियाHighLights
- कोचिंग उद्घाटन के दौरान हादसा
- टेक्नीशियन ने खोला दरवाजा
- मेंटेनेंस पर उठे सवाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ग्वालियर में एक कोचिंग सेंटर के उद्घाटन के दौरान लिफ्ट में फंस गए। घटना संजय कॉम्प्लेक्स, जयेंद्रगंज के सामने स्थित एक बहुमंजिला बिल्डिंग की है।
कोचिंग सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे थे डॉ. मिश्रा
जानकारी के अनुसार डॉ. नरोत्तम मिश्रा सोमवार की शाम एक कोचिंग सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक बीच फ्लोर में बंद हो गई। लिफ्ट में डॉ. नरोत्तम मिश्रा समेत कई लोग मौजूद थे। अचानक लिफ्ट बंद होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टेक्नीशियन ने मैनुअल लिफ्ट का दरवाजा खोला, तब मिली राहत
कॉम्प्लेक्स में मौजूद लोगों ने तुरंत दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद टेक्नीशियन को बुलाया गया। करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद टेक्नीशियन ने मैनुअल तरीके से लिफ्ट का दरवाजा खोला और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
कॉम्प्लेक्स की लिफ्ट की मेंटेनेंस पर उठे सवाल
राहत की बात है कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। बाहर आने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कोचिंग सेंटर का उद्घाटन किया। इस घटना के बाद कॉम्प्लेक्स की लिफ्ट की मेंटेनेंस पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुरानी लिफ्ट का नियमित सर्विस नहीं होता।