
शादी की फिर मंदिर जाने से रोकने लगे और नमाज पढ़ने के लिए किया मजबूर
ग्वालियर (ब्यूरो)। केआरजी कॉलेज छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष रचना चौहान लव जेहाद का शिकार हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया है कि सिल्वर स्टेट निवासी मुजाहिद खान ने राहुल चौहान बनकर उनसे प्यार किया। राहुल का राज खुलने पर उन्होंने उससे दूरी भी बना ली, लेकिन मुजाहिद ने मंदिरों में जाकर उन्हें भरोसा दिलाया कि वह उनके साथ राहुल बनकर ही रहेगा।
उनकी शादी भी अग्नि के सात फेरे लेकर शिव मंदिर में हुई, लेकिन शादी के बाद वह बदल गया और मुजाहिद के परिवार ने रचना को दिल्ली ले जाकर इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया। उनके मंदिर जाने पर पाबंदी भी लगा दी और नमाज पढ़ने के लिए मजबूर करने लगे। रचना (26) ने शनिवार को संवाददाताओं से चर्चा में बताया कि 2006 में उसकी सहेली रेशमा (परिवर्तित नाम) ने राहुल चौहान से मेरी मुलाकात कराई। 2 महीने में ही हम दोनों काफी नजदीक आ गए और एक दूसरे से प्यार करने लगे।
सात फेरे लेकर शादी कर ली
रचना चौहान ने बताया कि दोस्ती के 2 महीने बाद ही राहुल चौहान का राज खुल गया कि वह मुस्लिम है। उसके बाद मैंने उससे नाता तोड़ दिया, लेकिन मुजाहिद ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। उसने कई मंदिरों पर जाकर उन्हें भरोसा दिलाया कि वह राहुल बनकर ही रहेगा। इसके बाद 2007 में विनय नगर सेक्टर नंबर 4 स्थित शिव मंदिर में अग्नि के सात फेरे लेकर हमने शादी कर ली।
मेरा नाम जौहरा खान रख दिया
राहुल उर्फ मुजाहिद यहां सिल्वर स्टेट में मां के साथ रहता था। उसके पिता मुश्ताक खान का मिनिस्ट्री ऑफ टेक्सटाइल में डिप्टी डायरेक्टर पद से रिटायरमेंट हुआ है। राहुल उन्हें किसी बहाने से पिता के पास दिल्ली के जाकिर नगर ले गया। यहां पहुंचने के बाद मुजाहिद बदल गया। रचना ने बताया कि जाकिर नगर का माहौल मिनी पाकिस्तान जैसा है। यहां उनका नाम रचना से बदलकर जौहरा खान रख दिया। घर आने वाले रिश्तेदारों से उनका परिचय मुस्लिम युवती के रूप में कराया जाता था।
नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया
रचना ने आरोप लगाया कि मुजाहिद व उसके पिता एवं अन्य रिश्तेदारों ने उनके मंदिर जाने पर रोक दी और उन्हें इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर किया। मना करने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी।
सास की सेवा करने के बहाने दिल्ली से ग्वालियर आई
रचना ने बताया कि इसी बीच उनकी सास की तबीयत खराब गई। उनकी सेवा के लिए उन्हें दिल्ली से ग्वालियर लाया गया।
2011 से कर रही हैं शिकायत
रचना चौहान ने आरोप लगाया कि कट्रपंथियों के चंगुल से मुक्त होने के बाद वह 2011 से इसकी शिकायत कर रही हैं, लेकिन नगर निगम में सब इंजीनियर हसीन अख्तर, नासिर खान व आरिफ खान के साथ शहर के एक वरिष्ठ पत्रकार ने उनके शिकायती पत्रों पर कोई कार्रवाई नहीं होने दी। ये लोग भी उन पर मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए दबाव डालते थे।
इस्लाम के अनुसार दिया तलाक
मुजाहिद खान ने बताया कि रचना चौहान उर्फ जौहरा खान ने शादी से पहले ही इस्लाम कबूल कर लिया था। धर्म परिवर्तन करने के बाद ही उसके साथ निकाह किया था। उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव नहीं डाला है। उनके बीच निकाह होने के कारण उसने रचना उर्फ जौहरा को इस्लाम के अनुसार तलाक दे दिया है। मुजाहिद ने आरोप लगाया कि रचना ने आनंद नगर में उसके पिता के नाम मकान पर कब्जा कर रखा है। यही मकान कब्जाने की नीयत से वह झूठे आरोप लगा रही है।