
Gadgets News: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। ओवर द टाप यानी ओटीटी प्लेटफार्म..यह शब्द प्रचलन में आया- जब कोविड काल के दौरान पूरी दुनिया घरों में कैद थी। घर में समय बिताने के लिए ओटीटी प्लेटफार्म पर विंज वाच का ट्रेंड शुरू हुआ। यह ट्रेंड ऐसा चला, अब जब सिनेमाघरों में रौनक लौट चुकी है, फिर भी इसका खुमार कम नहीं हुआ। यही वजह है ओवर द टाप प्लेटफार्म के क्रेज ने टेबलेट और लेपटाप का मार्केट बढ़ाया। यूथ में यह सबसे ज्यादा ट्रेंड में है। कालेज, स्कूल गोइंग स्टूडेंट्स से लेकर मल्टीनेशनल कंपनीज में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ ही सरकारी अफसरों तक में इसका क्रेज देखने को मिल रहा है। टेबलेट और लेपटाप बेचने वाले कारोबारी कहते हैं कि कोविडकाल से इसके बाजार में तेजी आई, जो अब जारी है। सबसे ज्यादा यूथ में इस समय आइपैड प्रो की डिमांड है, जो लेटेस्ट टेक्नोलाजी के साथ आ रहा है।
कारोबारी विकास खंडेलवाल बताते हैं कि टेबलेट में आइपैड प्रो की डिमांड बढ़ रही है। इसकी कीमत करीब 81 हजार रुपये है। इसकी सबसे बड़ी खासियत एम2 चिप है। एम2 चिप नेक्स्ट जनरेशन की चिप है, जो 8 कोर सीपीयू के साथ उपलब्ध है। यह अन्य टेबलेट की तुलना में 15 प्रतिशत तक फास्टर परफार्मेंस देती है, जो इस टेबलेट को खास बनाता है। इसकी पिक्चर क्वालिटी भी बहुत ही बेहतर है। इसे ऐसी तकनीक से बनाया गया है, जिससे लंबे समय से स्क्रीन के सामने रहने से आंखों पर ज्यादा असर नहीं पड़ता। वह कहते हैं कि यह कंप्लीट मूवी स्टूडियो इन हैंड है। सेमसंग: सैमसंग कंपनी में गैलेक्सी सीरिज में टैब 56 लाइट सबसे ज्यादा डिमांड में है। इसे स्टूडेंट्स ज्यादा यूज कर रहे हैं। यह लो प्राइस सेगमेंट में अच्छे फीचर्स वाला प्रोडक्ट है। यह 64 और 128 जीबी स्पेस के साथ उपलब्ध है। इसकी कीमत लगभग 33 हजार रुपये है। इस पर अलग-अलग आफर भी चल रहे हैं। इसकी पिक्चर क्वालिटी और कैमरा क्वालिटी दूसरे प्रोडक्ट की तुलना में बेहतर है। सेमसंग कंपनी में ही अन्य टैबलेट भी उपलब्ध हैं, लेकिन महंगे टेबलेट एप्पल कंपनी के ही ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं।
ओटीटी प्लेटफार्म के चलते टच स्क्रीन वाले लेपटाप की डिमांड भी बढ़ी है। कारोबारी सोमेश शर्मा बताते हैं कि आसुस कंपनी का लेपटाप सबसे लेटेस्ट टेक्नोलाजी में उपलब्ध है। जिसे एक टेबलेट की तरह भी उपयोग किया जा सकता है और लेपटाप की तरह भी। यह ग्राफिक कार्ड के साथ उपलब्ध है। इसकी परफार्मेंस भी बेहतर है। ओटीटी के दीवाने इस लेपटाप को खरीदना पसंद कर रहे हैं। इस लेपटाप की डिमांड लगातार बढ़ रही है। आसुस का ही गेमिंग सीरिज लेपटाप भी इसी वजह से डिमांड में है।