ग्वालियर में 8 करोड़ की जमीन पर गैंगवार: 30 मिनट में चलीं 80 गोलियां, मैरिज गार्डन के दिव्यांग कर्मचारी की हत्या
ग्वालियर क्राइम समाचार: मौके से ही करीब 30 राउंड पुलिस को मिले हैं। इस वारदात में मैरिज गार्डन संचालक के निर्दोष दिव्यांग कर्मचारी की गोली लगने से मौत...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 11:08:36 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 11:09:02 PM (IST)
दिव्यांग कर्मचारी संदीप जिसकी गैंगवार में मौत हो गई।HighLights
- 1.75 करोड़ में सौदेबाजी और विवाद
- छत से फायरिंग और थार पर निशान
- पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर स्थित टेकनपुर इलाका शुक्रवार को उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा, जब 8 करोड़ रुपये की बेशकीमती जमीन पर कब्जे को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। किसी फिल्म के खूनी क्लाइमेक्स की तरह आधा घंटे तक दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग होती रही। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो 30 मिनट के भीतर 70 से 80 राउंड फायर किए गए।
मौके से पुलिस को मिले 30 राउंड
मौके से ही करीब 30 राउंड पुलिस को मिले हैं। इस वारदात में मैरिज गार्डन संचालक के निर्दोष दिव्यांग कर्मचारी की गोली लगने से मौत हो गई। उसके पेट में गोलियां लगी हैं। दूसरी पक्ष की ओर से भी एक युवक गोली लगने से घायल है। इस घटना ने ग्वालियर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं।
हाइवे किनारे की 4 बीघा जमीन... इसमें से 2 बीघा का झगड़ा
टेकनपुर क्षेत्र में रहने वाले संदीप शर्मा भाजपा नेता हैं। उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य हैं। भाई नवीन शर्मा मैरिज गार्डन और स्कूल संचालक है। जिस जमीन पर मैरिज गार्डन व आईआईपीएस स्कूल है। वहीं करीब दो बीघा जमीन के स्वामित्व को लेकर इनका झगड़ा चल रहा है। व्यापारी राकेश गुप्ता इस जमीन को अपना बताते थे। जबकि नवीन शर्मा इसे अपनी बताते हैं। विवादित जमीन का सौदा राकेश गुप्ता ने श्यामू गुर्जर, विद्याराम गुर्जर, सोनेराम गुर्जर, विनय गुर्जर, लालो गुर्जर को बेच दी। जमीन की रजिस्ट्री होने के बाद इस जमीन को गुर्जर पक्ष अपनी बताता है। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। गुरुवार को नवीन शर्मा ने इस जमीन पर गड्ढे खुदवाना शुरू कर दिए। इस पर श्यामू व उसके साथी विरोध करने पहुंचे।
बीते रोज ये लोग आ गये थे आमने-सामने
बीते रोज ही यह लोग आमने-सामने आ गए थे। शुक्रवार को श्यामू गुर्जर, विद्याराम गुर्जर, सोनेराम गुर्जर, विनय गुर्जर, लालो गुर्जर व अन्य लोग महिंद्रा थार सहित अन्य गाड़ियों में सवार होकर यहां पहुंच गए। यह सभी हथियार से लैस थे। जमीन पर पहुंचते ही इन लोगों ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग शुरू कर दी।
नवीन शर्मा और उनके साथी भी छत पर चढ़ गए और यहां से श्यामू व उनके साथियों पर गोलियां चलाना शुरू कर दी।
दोनों पक्षों की ओर से करीब 30 मिनट तक फायरिंग होती रही। नवीन के यहां काम करने वाले संदीप परिहार को गोली लग गई। श्यामू को भी गोली लगी है। फिर इन्हें अस्पताल ले जाया गया। यहां संदीप को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
दीवार के पीछे जान बचाने छिपा संदीप, यहां गोली लगी: संदीप अपनी जान बचाने के लिए दीवार के पीछे छिपा। यहां भी उसे गोली लग गई। शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया गया है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
24 घंटे पहले शुरू हो गया था विवाद, चौकी के स्टाफ की सक्रियता पर सवाल
- इस घटना में टेकनपुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र यादव और उनकी टीम की भी सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। 24 घंटे पहले से विवाद शुरू हो गया था।
- चौकी के स्टाफ को इस मामले में हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को थाने बुलाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
- जिसके चलते श्यामू गुर्जर व उसके साथी हथियारों से लैस होकर पहुंच गए और बेखौफ होकर गोलीबारी हो गई।
- करीब 30 मिनट तक गोलीबारी होती रही, लेकिन टेकनपुर पुलिस चौकी को भनक तक नहीं लगी।
1.75 करोड़ रुपये में 8 करोड़ की विवादित जमीन का सौदा
इस मामले में श्यामू गुर्जर व उसके साथियों को पता था कि इस जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। फिर भी सस्ती जमीन के चक्कर में इसे खरीद लिया। 1.75 करोड़ रुपये में आठ करोड़ रुपये की जमीन का सौदा कर लिया। यही विवाद बढ़ा और हत्या तक हो गई।
थार में लगी सबसे ज्यादा गोलियां: थार में सवार श्यामू गुर्जर पक्ष के लोग आए थे। इसी में सबसे ज्यादा गोलियां लगीं।
दिव्यांग संदीप क्रॉकरी का काम करता था- पत्नी बेसुध: संदीप नवीन शर्मा के मैरिज गार्डन में ही क्रॉकरी का काम करता था। उसके छोटे बच्चे हैं। दो लोगों के झगड़े में उसकी जान चली गई। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। उस पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी।
जमीन के विवाद में दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी हुई है। इसमें मैरिज गार्डन संचालक के कर्मचारी की मौत हो गई। दूसरे पक्ष से भी एक को गोली लगी है। आरोपियों को जल्द पकड़ लेंगे। - धर्मवीर सिंह, एसएसपी