भुवनेश्वर से ग्वालियर आ रहा 1.07 करोड़ का गांजा बबीना में पकड़ा, 1200 KM सफर के बाद धरे गए तस्कर
लंबी दूरी के दौरान ट्रक ने कई पुलिस, परिवहन विभाग और अन्य जांचों के साथ टोल प्लाजा पार किए, लेकिन बबीना में पुलिस की सतर्कता से तस्करों का नेटवर्क बेन...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 12 Sep 2026 10:42:18 PM (IST)Updated Date: Sat, 12 Sep 2026 10:45:06 PM (IST)
HighLights
- 214 किलो गांजा और 2 तस्कर गिरफ्तार
- 1200 KM सफर, मंजिल से 120 KM पहले पकड़े
- मोबाइल बंद रख ढाबों के फोन से करते थे बात
नईदुनिया प्रतिनिधि, झांसी-ग्वालियर। भुवनेश्वर (ओडिशा) से 2 क्विंटल से अधिक गांजा लादकर ग्वालियर जा रहे तस्करों ने लगभग 1200 किलोमीटर का सड़क सफर तय कर लिया। ग्वालियर पहुंचने के लिए उन्हें लगभग 120 किलोमीटर और चलना था, लेकिन इससे पहले ही बबीना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने हाईवे पर ट्रक को पकड़ लिया। लंबी दूरी के दौरान ट्रक ने कई पुलिस, परिवहन विभाग और अन्य जांचों के साथ टोल प्लाजा पार किए, लेकिन बबीना में पुलिस की सतर्कता से तस्करों का नेटवर्क बेनकाब हो गया।
तलाशी लेने पर 214 किलो गांजा बरामद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बीते रोज बबीना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम हाईवे पर सुकुवां-ढुकुवां रोड में नयाखेड़ा की ओर एक फार्म हाउस के सामने चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम ने संदिग्ध ट्रक को चिह्नित कर रोक लिया।
तलाशी लेने पर उसमें 214 किलो गांजा बरामद हुआ। बाजार में इसकी कीमत एक करोड़ सात लाख रुपये बताई गई है। मौके से जिला पानीपत (हरियाणा) के सौदापुरा निवासी ट्रक ड्राइवर सतपाल (46) और ग्वालियर के सिंधिया नगर निवासी मोहन कुशवाहा (27) को गिरफ्तार कर लिया।
मोहन ने बताया कि पड़ोसी आकाश करता है गांजे का काम
पूछताछ में मोहन ने बताया कि उसका पड़ोसी आकाश कुशवाहा गांजे का काम करता है। वह उसके साथ किराये की कार से भुवनेश्वर गया था। यहां आकाश ने अपने साथियों से ट्रक में गांजा लोड कराया। इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद करा दिए गए। उन्हें ग्वालियर पहुंचकर मोबाइल चालू कर फोन करने को कहा गया था, ताकि गांजा उतरवाया जा सके। इसके बदले मोहन को 30 हजार और ड्राइवर सतपाल को एक लाख रुपये देने की बात कही गई थी। ड्राइवर सतपाल ने बताया कि ट्रक लुधियाना निवासी परिचित सुरेश कुमार का है, जिसे वह किराये पर चलाता है।
रास्ते में होटल-ढाबे वालों के कहा गया फोन से संपर्क करने को
मथुरा से माल छोड़कर विजयवाड़ा जाते समय ग्वालियर निवासी उमराव सिंह रावत उर्फ कल्लू का फोन आया था। उसने भुवनेश्वर में आकाश से सम्पर्क करने के बदले एक लाख रुपये देने की बात कही। सात सितंबर को भुवनेश्वर में आकाश से मिलने के बाद ट्रक में माल लोड कराया गया। इसके बाद उसका मोबाइल भी बंद करा दिया गया और रास्ते में होटल-ढाबे वालों के फोन से संपर्क करने को कहा गया।