ग्वालियर में नगर निगम की अनूठी पहल... 'स्वच्छ दीवाली' अभियान में मात्र 1 रुपये में मिले टीवी-फ्रिज और बेड
सामान लेने पहुंचे लोगों के लिए यह महज एक रुपये में वस्तु खरीदने का अवसर नहीं था, बल्कि घर की जरूरत पूरी होने की खुशी थी।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 02:45:25 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 02:54:27 PM (IST)
सामान लेकर अपने घर खुशी-खुशी जाता एक परिवार। सौ. जनसंपर्क विभाग ननिHighLights
- 1 रुपये में सामान पाकर खिले चेहरे
- बाल भवन में हुआ सामग्री का वितरण
- शहरवासियों ने जमा कीं 25 हजार वस्तुएं
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। किसी के घर में जगह घेर रहा पुराना टीवी किसी के लिए मनोरंजन का नया साधन बन गया तो किसी के घर से निकला फ्रिज दूसरे परिवार के लिए बड़ी सुविधा। एक रुपये में टीवी, फ्रिज, आरओ और डबल बेड जैसे सामान पाकर जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान आ गई।
घर की जरूरत पूरी होने की खुशी थी...
बाल भवन में गुरुवार को नगर निगम के स्वच्छ दीवाली एक रुपये वाली अभियान के तहत सामग्री वितरण के दौरान कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सामान लेने पहुंचे लोगों के लिए यह महज एक रुपये में वस्तु खरीदने का अवसर नहीं था, बल्कि घर की जरूरत पूरी होने की खुशी थी।
सामग्री वितरण कार्यक्रम में जरूरतमंद परिवारों को सामान देते नगर निगम के अधिकारी व अन्य। सौजन्य
जरूरतमंद परिवारों के लिए ये सुविधाएं मिलना किसी बड़ी सौगात से कम नहीं
कार्यक्रम में रूपसिंह स्टेडियम के पास निवास करने वाली ओमवती वाल्मीक अपने परिवार के लिए टीवी लेने पहुंचीं, तो वहीं मेंहदी वाले सैयद गोल पहाड़िया निवासी सुमन कुशवाह ने अपनी प्राथमिकता में फ्रिज को चुना। इरफान खान ने पलंग तो वहीं भावना ने आने वाले सर्दी के मौसम को देखते हुए रूम हीटर एक रुपये में खरीद लिया। जरूरतमंद परिवारों के लिए ये सुविधाएं मिलना किसी बड़ी सौगात से कम नहीं था। सिकंदर कंपू निवासी ममता ने शुद्ध पानी पीने के लिए आरओ खरीदा। सामान मिलने के बाद कई लोग इसे संभालकर घर ले जाने की व्यवस्था करते नजर आए। सामान वितरण कार्यक्रम के दौरान निगमायुक्त अभिषेक चौधरी, अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, उपायुक्त एसबीएम मुकेश बंसल मौजूद थे।
सामग्री वितरण कार्यक्रम में बच्चों को खिलौने भी मिले। सौजन्य
25 हजार से अधिक वस्तुएं आईं अभियान में
नगर निगम ने दीपावली के दौरान घरों से निकलने वाली उपयोगी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाने के लिए 21 अक्टूबर से यह अभियान शुरू किया था। इस वर्ष शहरवासियों ने 25067 वस्तुएं जमा कराईं, जबकि पिछले साल यह संख्या करीब पांच हजार थी।
इनमें 21318 कपड़े, 803 जोड़ी जूते, 844 बोतलें, 453 किताबें, 192 इलेक्ट्रानिक आइटम, 192 खिलौने, 451 कंबल और अन्य उपयोगी सामग्री शामिल है।
अभियान के जरिए नगर निगम ने एक ओर जरूरतमंद परिवारों को उपयोगी सामान उपलब्ध कराया, वहीं दूसरी ओर पुनः उपयोग की संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया है। किसी के लिए अनुपयोगी हो चुकी वस्तु किसी दूसरे परिवार की जरूरत पूरी कर सकती है, इस सोच को शहरवासियों के सहयोग ने मजबूती दी है।