राज्यपाल मंगुभाई पटेल का ग्वालियर दौरा: विमानतल पर हुआ भव्य स्वागत, राजा मानसिंह तोमर संगीत विवि के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय का सप्तम दीक्षांत समारोह शुक्रवार 16 अक्टूबर को आयोजित होगा। इस दिन यह समारोह राज्यपाल एवं कुलाध्यक्ष मं...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 06:04:13 PM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 06:05:00 PM (IST)
राज्यपाल मंगुभाई पटेल का स्वागत करते सांसद भारत सिंह कुशवाह अन्य प्रतिनिधि। सौ. जनसंपर्क विभागHighLights
- दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे राज्यपाल
- संगीत एवं कला विवि का 7वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार को
- मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे 67 गोल्ड मेडल
डिजिटल टीम, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल राजकीय विमान से राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पर पधारे। विमानतल पर राज्यपाल का आत्मीय स्वागत हुआ।
दो दिवसीय प्रवास पर हैं राज्यपाल
राज्यपाल मंगुभाई पटेल गुरुवार को दो दिवसीय प्रवास पर दोपहर 12 बजे ग्वालियर विमानतल पर पधारे। विमानतल पर क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण श्री प्रेम सिंह राजपूत, जनप्रतिनिधि श्री दीपक शर्मा व श्री राजू पलैया ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
विमानतल पर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, डीआईजी असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कला विश्वविद्यालय का सप्तम दीक्षांत समारोह 16 अक्टूबर को
राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय का सप्तम दीक्षांत समारोह शुक्रवार 16 अक्टूबर को आयोजित होगा। इस दिन यह समारोह राज्यपाल एवं कुलाध्यक्ष मंगुभाई पटेल की अध्यक्षता में प्रात: 11 बजे से राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तानसेन सम्मान से अलंकृत प्रख्यात शास्त्रीय गायक एवं पं. अजय पोहनकर (पुणे) होंगे।
पं. पोहनकर द्वारा मंच से प्रस्तुति भी दी जाएगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कृति शिक्षा उत्थान न्यास नई दिल्ली के राष्ट्रीय सचिव अतुल कोठारी एवं प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिकन्यास व धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र लोधी को आमंत्रित किया गया है।
67 स्वर्ण एवं 2 वर्षो की 368 उपाधियां प्रदान की जाएंगी
राज्यपाल की अध्यक्ष्यता में आयोजित होने जा रहे इस दीक्षांत समारोह में 67 स्वर्ण एवं दो वर्षो की कुल 368 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार के समारोह में वर्ष 2024- 25 और वर्ष 2025- 26 के विद्यार्थियों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। जिनमें वर्ष 2024- 25 के स्नातक की 115 व स्नातकोत्तर की 66 उपाधियां एवं वर्ष 2025- 26 के स्नातक की 113 व स्नातकोत्तर की 74 उपाधियां शामिल हैं। साथ ही अलग-अलग संकायों के कुल 67 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय की स्मारिका का होगा विमोचन
इसके अलावा अलग- अलग संकायों की कुल 14 शोध उपाधियां भी प्रदान की जाएंगी। जिनमें गायन की 5, तबला की 2 व चित्रकला की 7 उपाधियां शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की स्मारिका का विमोचन भी मंच के किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।