राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज ग्वालियर दौरे पर, जीवाजी विवि दीक्षांत समारोह के चलते कई मार्गों पर रूट डायवर्ट
वीवीआईपी भ्रमण के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात परिवर्तित रहेगा।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 08:31:27 AM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 08:31:51 AM (IST)
दीक्षांत समारोह की रिहर्सल में मौजूद छात्र व विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और राज्यपाल मंगूभाई पटेल।HighLights
- 57 मेधावियों को मिलेंगे गोल्ड मेडल
- शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
- इन वैकल्पिक रास्तों से गुजरेंगे वाहन
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल सोमवार को ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे। राज्यपाल जीवाजी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल मंगुभाई पटेल 16 नवंबर को सुबह 9.50 बजे हेलीकॉप्टर से राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल पर पधारेंगे। इसके पश्चात प्रात: लगभग 10.30 बजे से जीवाजी विश्वविद्यालय पहुंचेंगे।
दीक्षांत समारोह के बाद जाएंगे वीआईपी सर्किट हाउसा
राज्यपाल विश्वविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वीआईपी सर्किट हाउस मुरार जाएंगे। राज्यपाल पटेल अपराह्न लगभग 2.30 बजे ग्वालियर विमानतल से वायुमार्ग द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
उनके कार्यक्रम के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुगम बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। वीवीआईपी भ्रमण के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात परिवर्तित रहेगा।
दीक्षांत समारोह सुबह 10:30 बजे
- दीक्षांत समारोह सोमवार, सुबह 10:30 बजे से मल्टी आर्ट सभागार में आयोजित किया जाएगा।
- मध्य प्रदेश के राज्यपाल व कुलाधिपति मंगुभाई पटेल की अध्यक्षता में होने वाले इस आयोजन में 57 मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल तथा विभिन्न संकायों के कुल 384 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
- इसमें 224 शोधार्थियों को पीएचडी, 134 को स्नातकोत्तर (पीजी) और 26 को स्नातक (यूजी) की डिग्रियां शामिल हैं।
- समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को विश्वविद्यालय परिसर में फाइनल रिहर्सल की गई, जिसमें भव्य प्रोसेशन निकालकर डिग्री और मेडल वितरण की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
एयरपोर्ट से जीवाजी विश्वविद्यालय तक रहेगा वीवीआइपी रूट
- वीवीआइपी रूट सिविल एयरपोर्ट, एयरपोर्ट तिराहा, डीडी नगर चौराहा, पानी की टंकी तिराहा, गोला का मंदिर चौराहा, महाराजा गेट, सूर्य नमस्कार तिराहा, आकाशवाणी तिराहा, तानसेन तिराहा, सिटी सेंटर मार्ग होते हुए हेल्थ सेंटर, झांसी बंगला से जीवाजी विश्वविद्यालय और वापसी में जीवाजी विश्वविद्यालय से झांसी बंगला चौराहा, हेल्थ सेंटर रहेगा।
- इस दौरान शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहन चालकों को शहर के बाहर से ही डायवर्ट किया जाएगा।
- भिंड-मालनपुर से आने वाले वाहन एयरपोर्ट तिराहा होकर डीडी नगर चौराहा होते हुए शहर में प्रवेश करना चाहते हैं, वे सभी वाहन लक्ष्मणगढ़ पुल से डायवर्ट होकर बेहटा चौकी, बड़ागांव पुल होते हुए शहर में प्रवेश कर सकेंगे।
- थाटीपुर, मुरार की ओर से आने वाले वाहन 6 नंबर चौराहा, आर्मी एरिया, बड़ागांव चौराहा, बड़ागांव पुल, बेहटा चौकी, लक्ष्मणगढ़ पुल होते हुए जा सकेंगे।
- गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, डबरा, दतिया की ओर से आने वाले जो वाहन शहर होकर भिंड, मुरैना की ओर जाना चाहते है। वह वाहन सिकरोदा तिराहा से बायपास होते हुए भिंड और मुरैना की ओर जा सकेंगे।
- मुरैना की ओर से आने वाले वाहन निरावली तिराहा से डायवर्ट होकर बायपास होते हुए जा सकेंगे।
- l जीवाजी विश्वविद्यालय कार्यक्रम के दौरान अलकापुरी तिराहा से हाईकोर्ट मार्ग होते हुए राजमाता तिराहा की ओर आने वाले वाहनों का डायवर्जन अलकापुरी तिराहा से रहेगा।
- माधव नगर की ओर से राजमाता तिराहा, सिटी सेंटर होते हुए मुरार, बारादरी, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, गोला का मंदिर की ओर जाने वाले वाहन एजी पुल बलवंत विहार से डायवर्ट होकर बलवंत विहार, एलआईसी तिराहा होते हुए जा सकेंगे।