ग्वालियर: मानपुर में 285 करोड़ की लागत से बनेंगे 1675 पीएम आवास, सभी सरकारी अनुमतियां मिलीं
निगमायुक्त ने पीएमएवाय टीम को तत्काल निविदाएं जारी करने के निर्देश दिए हैं।
Publish Date: Fri, 10 Jul 2026 09:06:46 AM (IST)Updated Date: Fri, 10 Jul 2026 09:07:12 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र।HighLights
- मिलीं सभी मंजूरियां
- आवासों का वर्गीकरण
- जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाय) के तहत मानपुर में जल्द ही 1675 आवास बनने जा रहे हैं। इसके लिए सभी विभागों की मंजूरी मिल चुकी है। राज्य स्तरीय तकनीकी समिति एवं केंद्र शासन की सेंट्रल मानिटरिंग कमेटी से अनुमोदन हो चुका है, इसके साथ ही स्थान आदि का चयन हो चुका है।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने पीएमएवाय टीम को तत्काल इस कार्य को आगे बढ़ाते हुए निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। सहायक यंत्री पीआइयू पवन शर्मा ने बताया कि पीएम आवास योजना के तहत मानपुर में 1675 आवास बनाए जाने हैं। इनमें 960 ईडब्ल्यूएस, एलआइजी 576 और एमआइजी 139 आवास बनने हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जाने वाले 1675 आवासों की लागत 285 करोड़ रुपये आएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्व में मानपुर, महलगांव में बनाए गए सभी आवासों में आमजन निवास कर रहे हैं। पूर्व में बनाए गए पीएम आवासों को शासन स्तर पर प्रशंसा भी मिली हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिन लोगों को पहले भवन नहीं मिल पाए थे, वह लगातार नगर निगम कार्यालय में पीएम आवास के द्वितीय चरण के प्रारंभ होने को लेकर पूछताछ कर रहे थे।