Gwalior Accident News: बेटी का जन्मदिन मनाने कानपुर गए स्कूल प्रबंधक की सड़क हादसे में मौत
बेटी का जन्मदिन मनाने रसूलाबाद (कानपुर देहात, यूपी) गए ग्वालियर के स्कूल प्रबंधक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
By anil.tomar
Edited By: anil.tomar
Publish Date: Fri, 19 Mar 2021 08:19:28 PM (IST)
Updated Date: Fri, 19 Mar 2021 08:19:28 PM (IST)

- कानपुर जाते समय बाइक में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
- ग्वालियर स्थित स्कूल के प्रबंधक रसूलाबाद (कानपुर देहात) में ससुराल गए थे
Gwalior Accident News: ग्वालियर/कानपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। बेटी का जन्मदिन मनाने रसूलाबाद (कानपुर देहात, यूपी) गए ग्वालियर के स्कूल प्रबंधक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जन्मदिन मनाने के बाद कानपुर जाते समय उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी।
ग्वालियर के भगत सिंह हायर सेकेंड्री स्कूल हैदरगंज लश्कर के प्रबंधक 42 वर्षीय यादवेंद्र सिंह परिहार की ससुराल सुभाष नगर रसूलाबाद में है। उनकी पत्नी दिव्या व बेटी राधिका इस समय सुभाष नगर में ही थे। गुरुवार को राधिका का जन्मदिन था, इस पर यादवेंद्र भी आए थे। घर पर जन्मदिन मनाने के बाद वह बाइक से क्षेत्र के एक ढाबे पर गए थे। यहां से बाइक से कानपुर की तरफ रात करीब 10 बजे जाने लगे। रसूलाबाद कानपुर रोड पर छुइया नाला के पास पीछे से किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों ने एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी रसूलाबाद भिजवाया, जहां डॉ.अजीत वर्मा ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना घर पर पहुंची तो खुशी के माहौल में मातम छा गया। पत्नी, बेटी के अलावा बेटा देवराज, ससुर लेखपाल चंद्रपाल सिंह राणा, सास किरन सिंह व साले बलराम सिंह समेत अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बलराम ने बताया कि बहनोई किसी काम से बाइक से कानपुर जा रहे थे। थाना प्रभारी रसूलाबाद शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।