ग्वालियर में AI समिट 2026: 29-30 अक्टूबर को ABV-IIITM में जुटेंगे देशभर के विशेषज्ञ, हैकथॉन और वर्कशॉप होंगे मुख्य आकर्षण
इस सम्मेलन का मुख्य ध्येय स्मार्ट और टिकाऊ भारत के लिए एआई रखा गया है, जो नवाचार, सहयोग और परिवर्तन के मूल सिद्धांतों पर आधारित है।
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 05:41:30 PM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 05:42:43 PM (IST)
HighLights
- स्मार्ट और टिकाऊ भारत के लिए AI
- हैकथॉन, वर्कशॉप और स्टार्टअप प्रदर्शनी
- 500 से अधिक प्रतिभागी और पुरस्कार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी व प्रबंधन संस्थान, ग्वालियर में आगामी 29 और 30 अक्टूबर को दो दिवसीय भव्य ग्वालियर AI समिट 2026 का आयोजन होने जा रहा है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय महत्व के इस संस्थान में आयोजित होने वाला यह शिखर सम्मेलन एआई यानि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में देश का एक प्रमुख आयोजन होगा। इस सम्मेलन का मुख्य ध्येय स्मार्ट और टिकाऊ भारत के लिए एआई रखा गया है, जो नवाचार, सहयोग और परिवर्तन के मूल सिद्धांतों पर आधारित है।
कई महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित होगा AI सम्मेलन इस समिट का उद्देश्य शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, उद्योग जगत के दिग्गजों और नवोन्मेषकों को एक मंच पर लाना है, ताकि भारत के एआई-संचालित भविष्य का निर्माण किया जा सके। आयोजन के तहत जिन प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा, उनमें शामिल हैं।
- कृषि, स्वास्थ्य सेवा और गवर्नेंस में एआई
- पर्यटन, खेलकूद और ऊर्जा व पर्यावरण क्षेत्र में एआई
- सभी के लिए AI
हैकथॉन, वर्कशॉप और आकर्षक पुरस्कार रहेंगे मुख्य आकर्षण
समिट के दो दिवसीय कार्यक्रम में 10 से अधिक विशेषज्ञों के वक्तव्य, दो व्यावहारिक वर्कशाप्स, एआई हैकथॉन और इनोवेशन चैलेंज का आयोजन होगा। साथ ही शोध पत्रों की प्रस्तुति, उद्योग-अकादमिक संवाद और स्टार्टअप प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में 500 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें सर्वश्रेष्ठ रिसर्च पेपर, बेस्ट प्रोजेक्ट और बेस्ट हैकथान टीम को विशेष पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन समिति और सहभागिता
संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन सिंह समिट के संरक्षक हैं तथा प्रो. अनुराग श्रीवास्तव जनरल चेयर हैं। आयोजन समिति में डॉक्टर जीवरज एस, डॉक्टर यशवंत सिंह पटेल और डॉक्टर रोहित कुमार सहित अन्य प्राध्यापक शामिल हैं। इस समिट में यूजी, पीजी व पीएचडी छात्र, शोधकर्ता, उद्योग पेशेवर और स्टार्टअप्स भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में प्रस्तुत शोध पत्रों को आईएसबीएन के साथ प्रकाशित किया जाएगा। आयोजन के लिए सांगिलिएंस और ग्वालियर मैनेजमेंट एसोसिएशन सहयोगी भागीदार हैं।