ग्वालियर में लुढ़का रात का पारा 12.8 डिग्री पहुंचा, प्रदेश के 5 सबसे ठंडे शहरों में शामिल
मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच रात और सुबह के अलावा दिन में भी ठंड बढ़ने लगी है।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 09:36:32 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 09:37:19 AM (IST)
ठंड बढ़ने के साथ सड़क किनारे लगी दुकान से कंबल खरीदते दिखे शहरवासीl नईदुनियाHighLights
- न्यूनतम पारा 12.8 डिग्री, दिन में 28 डिग्री
- सुबह नमी से ठंड का असर तेज
- आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठंड
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही ग्वालियर प्रदेश के पांच सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले शहरों में शामिल रहा।
दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान 28 डिग्री पर
रविवार को न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि सोमवार को इसमें 0.7 डिग्री की गिरावट आई। हालांकि दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान 28 डिग्री पर बना रहा।
सुबह अधिक ठंड का अहसास
सुबह वातावरण में नमी अधिक रहने से ठंड का अहसास बना रहा। रविवार को सुबह आर्द्रता 91 प्रतिशत और सोमवार को 89 प्रतिशत दर्ज की गई। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई। दोनों दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच रात और सुबह के अलावा दिन में भी ठंड बढ़ने लगी है। ऐसे में सुबह और देर रात बाहर निकलने वाले लोगों को ठंड से बचाव की जरूरत है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी।