यात्रीगण कृपया ध्यान दें... सत्य साईं जन्मोत्सव पर ग्वालियर-बेंगलुरु ट्रेन का रूट बदला
यात्री यात्रा से पहले 139 या एनटीईएस एप पर जानकारी ले सकते हैं।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 10:50:25 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 10:51:24 AM (IST)
HighLights
- प्रशांति निलयम स्टेशन पर मिलेगा अस्थायी ठहराव
- 15 ट्रेनों में चला सघन टिकट जांच अभियान
- 221 यात्रियों से वसूला 1.71 लाख रुपये जुर्माना
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सत्य साईं बाबा के 101वें जन्मोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने कुछ ट्रेनों का अस्थायी मार्ग परिवर्तन किया है। इन्हें पेनुकोंडा-श्री सत्य साईं प्रशांति निलयम-धर्मावरम होकर चलाया जाएगा।
ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस भी शामिल
इस व्यवस्था में ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस भी शामिल है। गाड़ी संख्या 11086 ग्वालियर-सर एमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस को 20 नवंबर को श्रीसत्य साईं प्रशांति निलयम स्टेशन पर रात 3:18 से 3:20 बजे तक ठहराव मिलेगा। वापसी में गाड़ी संख्या 11085 बेंगलुरु-ग्वालियर एक्सप्रेस 22 और 29 नवंबर को शाम 6:23 से 6:27 बजे तक रुकेगी।
इसके अलावा गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज और दिल्ली से दक्षिण भारत जाने वाली अन्य ट्रेनों को भी अस्थायी ठहराव दिया गया है। यात्री यात्रा से पहले 139 या एनटीईएस एप पर जानकारी ले सकते हैं।
15 ट्रेनों में 221 यात्रियों से वसूले एक लाख 71 हजार
रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष जांच अभियान में 221 यात्रियों पर कार्रवाई की गई। टिकट जांच दल ने 15 ट्रेनों में सघन जांच करते हुए बिना टिकट, अनियमित यात्रा और स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने के मामलों में कुल एक लाख 71 हजार 892 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
18 नवंबर से चलाया जा रहा है अभियान
18 नवंबर को चलाए गए इस अभियान के तहत स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों पर टिकट जांच कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया था। इसके चलते बिना टिकट स्टेशन परिसर में प्रवेश और बाहर निकलने वालों पर निगरानी रखी गई। अभियान के दौरान टिकट खिड़कियों पर यात्रियों की भीड़ भी देखने को मिली। जांच दल ने सचखंड एक्सप्रेस, मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस, केरल एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और झेलम एक्सप्रेस सहित 15 ट्रेनों में जांच की।
आरक्षित कोचों की गई विशेष जांच
इस दौरान महिला और दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित कोचों की भी विशेष रूप से जांच की गई। अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक एसके त्रिवेदी, रामनिवास मीना, इम्तियाज रहमान, विकास श्रीवास्तव और टीपी सोनकिया सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।