राहुल गांधी के 'युवा संवाद' में ग्वालियर-चंबल की भागीदारी पर कांग्रेस नेताओं के दावों में अंतर, 250 युवा इंदौर रवाना
शुक्रवार रात ग्वालियर-चंबल अंचल से रजिस्ट्रेशन कराने वाले युवा ट्रेन, बस और निजी वाहनों से इंदौर के लिए रवाना हुए। इंदौर शिक्षा का हब होने के कारण कां...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 18 Sep 2026 06:44:52 PM (IST)Updated Date: Fri, 18 Sep 2026 06:45:49 PM (IST)
HighLights
- तीन हजार रजिस्ट्रेशन का दावा
- 35 से अधिक उम्र वालों के प्रवेश पर रोक
- नेताओं के लिए भी अलग व्यवस्था नहीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। इंदौर में 19 सितंबर को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। ‘छात्रों की गूंज’ नाम से होने वाले इस कार्यक्रम में ग्वालियर-चंबल अंचल से युवाओं की भागीदारी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग आंकड़े बताए हैं। एक ओर ग्वालियर-चंबल अंचल से तीन हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन का दावा किया जा रहा है, वहीं शहर कांग्रेस के अनुसार ग्वालियर से करीब 250 युवा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए हैं।
ट्रेन, बस और निजी गाड़ियों से इंदौर की ओर बढ़ते कदम
शुक्रवार रात ग्वालियर-चंबल अंचल से रजिस्ट्रेशन कराने वाले युवा ट्रेन, बस और निजी वाहनों से इंदौर के लिए रवाना हुए। इंदौर शिक्षा का हब होने के कारण कांग्रेस इस संवाद कार्यक्रम के लिए चुना है। सबसे बड़ी सहभागिता मालवा-निमाड़ से होने की संभावना है।
राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह ने दावा किया कि प्रदेशभर से युवा राहुल गांधी से संवाद करने और उन्हें सुनने के लिए इंदौर पहुंच रहे हैं।
उनके अनुसार ग्वालियर-चंबल अंचल से तीन हजार से अधिक युवाओं ने क्यूआर कोड और ऑनलाइन माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराया है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र सिंह ने दावा किया कि अंचल में उनसे जुड़े करीब दो हजार युवाओं ने कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
नेताओं के आंकड़ों में अंतर
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने बताया कि ग्वालियर शहर से करीब 250 युवा इंदौर के लिए रवाना हुए हैं। इस तरह रजिस्ट्रेशन और इंदौर रवाना होने वाले युवाओं की संख्या को लेकर नेताओं के आंकड़ों में अंतर दिखाई दे रहा है।
आयोजकों ने कार्यक्रम में 35 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के प्रवेश पर रोक रखी है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने नेताओं को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में पार्टी नेताओं के लिए अलग व्यवस्था नहीं होगी।