
Gwalior cold news: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश में सबसे ठंडा दिन ग्वालियर का रहा, जिसके कारण लोगों के कदम ठिठक गए। मध्यम हवा चलने से शीतलहर का अहसास हुआ, उससे बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। पूरे दिन गर्म कपड़े और सिर पर मफलर, टोपा लगाकर ठंड से बचने का प्रयास किया। हालात यह रहे कि सोमवार को लोगों को सूरज के दर्शन नहीं हुए। मध्यम घना कोहरा रहने से दिन में धूप के दर्शन नहीं मिल सके।
सूरज की किरणें सोमवार को जमीन नहीं छू सकीं, इसलिए बीते रोज से अधिक ठंड रही और अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की कमी आ गई। कोहरे की परत आसमान में छाने के कारण रात का न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। यही हाल मंगलवार को भी रहने वाला है। मौसम वैज्ञानिक एसएन साहू का कहना है कि लगातार दो दिन कोल्ड-डे रहा, अब तीसरे दिन भी शीतल दिन रहने की आशंका है। मंगलवार की सुबह मध्यम व घना कोहरा रह सकता है, इसका असर पूरे दिन रहने वाला है और तीसरे दिन लगातार कोल्ड-डे रह सकता है। इसके कारण न्यूनतम तापमान और भी बढ़ सकता है, जबकि अधिकतम तापमान घट सकता है। सोमवार की सुबह मध्यम-घना कोहरा रहा, जिससे दृश्यता 800 मीटर रही। लेकिन दिन जैसे जैसे चढ़ता गया कोहरा हटता गया। सुबह से लेकर शाम तक कोहरे का असर रहा, इसलिए अधिकतम तापमान घटकर 13.4 डिग्री पर पहुंच गया और रात का तापमान बढ़कर 11.0 डिग्री हो गया, जबकि हवा में आद्रता 95 फीसद रही और हवाओं की रफ्तार करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रही।
में बढ़ाई ठंडक उत्तरी हवाओं ने दिन में ठंडक ला दी है। असल में भू-मध्य सागर में बने हवाओं के चक्रवात के कारण पश्चिमी विक्षोभ आया है, लेकिन ग्वालियर-चंबल अंचल तक आते आते इसका असर कम हो गया। हिमालय छूकर आ रही हवाओं ने यहां पर आकर वातावरण में ठंडक ला दी है। उत्तरी और पूर्वी हवाओं के टकराने के कारण कोहरा हो रहा है, जिसका असर मंगलवार तक रहेगा। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है उसका असर आठ जनवरी के आसपास नजर आएगा और उस वक्त बूंदाबांदी हो सकती है।
पहली बार तीन दिन कोल्ड डे रहने वाला है, 31 दिसंबर को कोल्ड डे रहा फिर एक जनवरी को अब दो जनवरी को मौसम वैज्ञानिक कोल्ड-डे बता रहे हैं। यह पहला मौका है, जब प्रदेश में दिन का कम तापमान ग्वालियर का रहने वाला है। मौसम वैज्ञानिक हुकुम सिंह का कहना है कि यह पहला मौका है जब लगातार तीन दिन कोल्ड-डे रहेगा। 1 जनवरी को कोल्ड डे रहा ऐसा रिकार्ड में नहीं है।