ग्वालियर कलेक्टर का बिलौआ चैक पोस्ट पर औचक निरीक्षण, अवैध खनन और परिवहन पर 24 घंटे कड़ी निगरानी
Gwalior News: कलेक्टर ने चैक पोस्ट पर आने-जाने वाले लोडिंग वाहनों की जांच की कार्यप्रणाली जानी। साथ ही वाहनों की जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 24 Aug 2026 04:16:41 PM (IST)Updated Date: Mon, 24 Aug 2026 04:17:03 PM (IST)
बिलौआ चैक पोस्ट का औचक निरीक्षण करतीं कलेक्टर रुचिका चौहान। सौजन्य जनसंपर्क विभागHighLights
- अवैध खनन व परिवहन पर सख्त एक्शन
- बिलौआ चैक पोस्ट पर व्यवस्थाओं का जायजा
- लापरवाही पर अधिकारियों को सख्त निर्देश
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सघन निगरानी की जा रही है। इसके तहत जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर चैक पोस्ट स्थापित कर खनिज पदार्थों के परिवहन पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।
कलेक्टर ने बारीकी से लिया जायजा
कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार को बिलौआ स्थित चैक पोस्ट का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं निगरानी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने चैक पोस्ट पर आने-जाने वाले लोडिंग वाहनों की जांच की कार्यप्रणाली जानी। साथ ही वाहनों की जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली।
नियमों का उल्लंखन करने वालों पर करें सख्त कार्रवाई
कलेक्टर चौहान ने संबंधित अधिकारियों को आगाह किया है कि जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए निगरानी एवं जांच की कार्यवाही लगातार जारी रखी जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं खनिज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे चैक पोस्टों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण करें। साथ ही अवैध खनिज गतिविधियां सामने आने पर सख्त और प्रभावी कार्रवाई करें।