-जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई दक्षिण के कार्यकर्ताओं की बैठक
Gwalior Congress News: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। कोरोनाकाल में दिवंगत हुए लोगों के स्वजनों को सांत्वना देने के लिए कांग्रेस द्वारा तैयारी की जा रही है। इस कड़ी में बुधवार को शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय में दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। मगर उद्देश्य से भटक कर आक्रोशित कार्यकर्ताओं को का गुस्सा दक्षिण के विधायक प्रवीण पाठक पर फूट पड़ा। कार्यकर्ताओं ने विधायक पर संगठनात्मक निर्णयों में मनमानी करने का आरोप लगाया। साथ ही विधायक पाठक पर समानांतक कांग्रेस चलाने का आरोप लगाते हुए जिलाध्यक्ष डा.देवेंद्र शर्मा के प्रति भी अपना आक्रोश प्रकट किया।
दरअसल हाल ही में ग्वालियर दक्षिण के चार कांग्रेस पदाधिकारियों ने उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अपना इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वालों में कंपू ब्लाक के मंडल अध्यक्ष अशोर शाक्य, सेक्टर अध्यक्ष दादाराम कुशवाह, राहुल यशपाल, माखन गुर्जर एवं ठाकुरदास शामिल थे। यही मुद्दा बैठक में उछल गया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अगर पदाधिकारियों में कोई नाराजगी है हाे तो उसे दूर किया जाना चाहिए, न कि उनको इस्तीफा देने पर मजबूर किया किया जाना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमें ऐसा लग रहा है जैसे दक्षिण से कांग्रेस का झंडा उठाकर, डंडे खाकर, जेल जाकर और विधायक को जिताकर कोई गलती कर दी है।
बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा.देवेंद्र शर्मा, विधायक प्रवीण पाठक, प्रदेश महामंत्री राघवेंद्र शर्मा, प्रवक्ता अरविंद चौहान प्रवक्ता, आनंद शर्मा, मोनू सोलंकी, कन्हैया लाल, सोनू कुशवाह, मोनू सोलंकी, बाबूलाल चौरसिया, महाराज सिंह पटेल आदि मौजूद रहे।
-मोदी ने इतने मंत्री हटा दिए, कांग्रेस में विद्रोह हो जाता
कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12 बजे शुरू हो गई थी, मगर विधायक पाठक करीब 12:45 बजे आए। उससे पहले ही कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष से अपनी शिकायतें करना शुरू कर दिया था। जब विधायक तो उन्होंने तुरंत ही माइक थाम लिया और अपनी बात कहना शुरू कर दिया। विधायक पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कितने सारे मंत्रियों को हटा दिया, मगर भाजपा में बिल्कुल भी विरोध नहीं हुआ, अगर कांग्रेस होती तो विद्रोह हो जाता। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि राहुल गांधी को पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने पप्पू कहना शुरू किया था, जिसे भाजपा ने पकड़ लिया।
विधायक का कोई विरोध कार्यकर्ताओं ने नहीं किया है। विधायक ने केवल यही कहा है कि जब बीजेपी में कुछ होता रहता है तो कोई आंतरिक विरोध नहीं होता, कांग्रेसियों को भी अपनी मर्यादा में रहना चाहिए।
डा.देवेंद्र शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, ग्वालियर
कांग्रेस में रहकर कांग्रेस की आलोचना करने वाले अनुशासनहीनता की परिधि में आएंगे। हम तो चाहते हैं कि पार्टी में अनुशासन कायम रहे। मेरे प्रति कार्यकर्ताओं में कोई नाराजगी नहीं हैं। समानांतर कांग्रेस का तो विषय ही नहीं उठता, क्योंकि कांग्रेस में जिलाध्यक्ष और हमारे अलावा है कौन?
प्रवीण पाठक, विधायक, ग्वालियर दक्षिण