Gwalior Crime News: जमुना नर्सरी में नगर निगम के चालक सहित 11 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा
मोतीमहल में जमुना नर्सरी में रविवार को जुआ खेलते नगर निगम के सात ड्राइवर सहित 11 लोगों को पड़ाव थाना पुलिस ने पकड़ा है।
By anil.tomar
Edited By: anil.tomar
Publish Date: Mon, 08 Nov 2021 07:45:00 AM (IST)
Updated Date: Mon, 08 Nov 2021 07:45:08 AM (IST)

- फड़ से 14 हजार 500 रुपये बरामद
Gwalior Crime News: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। मोतीमहल में जमुना नर्सरी में रविवार को जुआ खेलते नगर निगम के सात ड्राइवर सहित 11 लोगों को पड़ाव थाना पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने जुए के फड़ से 14 हजार 500 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सात कर्मचारियों के नर्सरी में जुआ खेलते पकड़़े जाने की सूचना नगर निगम आयुक्त को दे दी है। जुआ खेलते पकड़े गए सातों चालक नगर निगम के विनियमित कर्मचारी है। नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने जांच के आदेश दिए हैं।
पड़ाव थाना प्रभारी विवेक अष्ठाना ने बताया कि रविवार की दोपहर को सूचना मिली कि मोती महल के पास स्थित नगर निगम की जमुना नर्सरी में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। यहां कुछ दिन से लगाकार जुआ चल रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने जुआ पकड़ने के लिए छापा डाला। करीब एक दर्जन के लगभग युवक जुआ खेलते नजर आए। इन लोगों ने पुलिस को देखकर नर्सरी में पेड़ों के पीछे छिपने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके से कुल 11 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा है। इनमें सात नगर निगम के कर्मचारी हैं। नर्सरी में जुआ पकड़े जाने की सूचना नगर निगम के अधिकारियों को दी जा रही है।
मैच पर सट्टा लेते हो दो को पकड़ा- मुरार थाना पुलिस ने नारायण वाटिका के पास से शुभम उर्फ घनश्याम राणा व योगेश को पकड़ा है। इनके पास से 100 के लगभग लोगों के मैच का आन लाइन सट्टा लगाने के लिए लिंक भेजे जाने का पता चला है। मुरार थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि आरोपितों के मोबाइलों को जब्त कर लिया है। इन मोबाइलों से मैच के सट्टे से जुड़ी जानकारी निकाली जा रही है।