Gwalior Crime News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। सिटी सेंटर स्थिल पर्ल इन गेस्ट हाउस में देह व्यापार का अड्डा चल रहा था। पर्ल इन गेस्ट हाउस जिस जमीन पर बना है, वह जमीन किसकी है, इसकी पड़ताल के लिए शनिवार को प्रशासन और नगर निगम की टीम पुलिस के साथ पहुंची। अब इस जमीन की जांच रिपोर्ट सोमवार को पुलिस को मिलेगी। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, इस मामले में पुलिस ने पर्ल इन गेस्ट हाउस संचालक राहुल यादव, संदीप कुशवाह, पारस गुर्जर, गंधर्व राजपूत, रोहित पटेल पर एफआइआर दर्ज की है। गंधर्व राजपूत और रोहित पटेल उसी दिन पकड़े गए थे।
सीएसपी यूनिवर्सिटी हिना खान ने बताया कि संचालक राहुल यादव को नोटिस दिया गया है। न्यायालय इस मामले में उसे पाबंद करेगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में शिकायत मिली है कि जिस जमीन पर गेस्ट हाउस बना है, वह सरकारी है। इसके चलते नगर निगम और राजस्व विभाग को सूचना दी थी। नगर निगम के जेडओ और राजस्व विभाग के अधिकारी शनिवार को विवेचक के साथ गेस्ट हाउस पर भेजे थे। सोमवार को रिकार्ड की पड़ताल कर दोनों विभागों से जानकारी आ जाएगी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
पर्ल इन गेस्ट हाउस की जमीन के मामले में राजस्व और नगर निगम से पड़ताल करवाई जा रही है। दो दिन में जांच कर दोनों विभागों से जानकारी सामने आ जाएगी। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
ऋषिकेष मीणा, एएसपी
बलवंत नगर में तेज रफ्तार कार टर्न पर स्कार्पियो से टकरा गई। कार काफी तेज रफ्तार में थी। कार की टक्कर बगल से लगी, जिससे स्कार्पियो सड़क पर दो बार पलटी। इसके बाद कार चालक सड़क पर कार छोड़कर भाग गया। थाटीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बलवंत नगर चौराहे पर गुलंबर के पास कार एमपी07 सीडी 6297 के चालक ने रात को तेज रफ्तार में कार घुमाई। कार जैसे ही घुमी तो सामने से स्कार्पियो आ रही थी। स्कार्पियो भी तेज रफ्तार में थी। कार चालक ने ब्रेक नहीं मारे। इसके चलते स्कार्पियो में टक्कर लगी। इसके बाद स्कार्पियो में टक्कर लगी और स्कार्पियो सड़क पर दो बार पलटी। इस हादसे में स्कार्पियो चालक को चोट लगी है। जबकि कार चालक कार छोड़कर भाग गया। कार शिल्पा सेंगर के नाम पर रजिस्टर्ड है।