
Gwalior Crime News: ग्वालियर नईदुनिया प्रतिनिधि)। बेटी बचाओ चौराहा के पास छात्रा अक्षया सिंह यादव की हत्या के आरोपित सुमित रावत और बाला सुर्वे के मकान शुक्रवार को जिला प्रशासन ने तोड़ दिए।
टोंटा की बजरिया स्थित सुमित के मकान को थ्रीडी मशीन से जमींदोज किया गया। गुढ़ा में नादरिया माता मंदिर के पास बाला का मकान गली में होने के कारण हथौड़े से तोड़ा गया। दोनों के ही मकान सरकारी जमीन पर बने हुए थे। आरोपितों के स्वजन पहले ही घर खाली कर चुके थे। सात घंटे चली कार्रवाई में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान आक्रोशित लोगों कहा कि यह कार्रवाई एक दम सही कार्रवाई है, ऐसे लोगों के साथ यही होना चाहिए।
विगत दिवस छात्रा अक्षया सिंह यादव की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, इसके बाद से ही पूरा शहर आक्रोश में था। आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी। पुलिस ने इस मामले में सभी सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें सुमित रावत व मास्टरमाइंड बाला सुर्वे का मकान तोड़कर प्रशासन ने कड़ा संदेश दिया। एसडीएम लश्कर विनोद सिंह के नेतृत्व में तहसीलदार श्यामू श्रीवास्तव ने पुलिस फोर्स, ननि अमले के साथ यह कार्रवाई की।
सुमित रावत का 100 फीट लंबा व 20 फीट चौड़ा मकान सरकारी जमीन पर बना था। स्वजन डर के मारे पहले ही मकान खाली कर चुके थे। उधर बाला का 600 वर्ग फीट का मकान गली में था। उसके परिवार के लोग भी वहां से चले गए थे। निगम अमले ने हथौड़े से काफी हिस्सा तोड़ दिया। यह मकान भी शेष बची छत व कुछ हिस्सा बाद में तोड़ा जाएगा।