Gwalior Crime News: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। डबरा थाना क्षेत्र में मुनीम पर फायरिंग के तीन आरोपितों को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपितों ने बताया कुछ दिन पहले मुनीम से उनका मुंहवाद हो गया था। इसका बदला लेने के लिए फायर किया था। एसएसपी राजेश चंदेल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया आरोपितों से पिस्टल, दो कारतूस और वारदात में उपयोग की गई बाइक जब्त की गई है।
यह हुई थी वारदात:
25 अप्रैल को अज्ञात बाइक सवार तीन बदमाशों ने विवेकानंद कालोनी डबरा निवासी मुनीम मदनलाल पाराशर पर फायर किया था। पुलिस ने मुनीम की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों पर धारा 307 में प्रकरण दर्ज कर लिया था। पड़ताल में पुलिस को सूचना मिली कि मुनीम पर फायिरंग के आरोपित डबरा रेलवे स्टेशन पर हैं, जो कहीं भागने की फिराक में हैं। दबिश दी तो एक आरोपित भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने मुनीम पर फायर करना स्वीकार कर लिया और अपना नाम मोंटी निवासी पिछोर बताया। मोंटी ने पुलिस को बताया कुछ दिन पहले वह मुनीम मदनलाल के साथ व्यापारी के यहां काम करता था। एक दिन किसी बात पर मदनलाल से विवाद हो गया था। बदला लेने के लिए दो अन्य साथी के साथ मिलकर हमला किया था। हमले वाले दिन दो आरोपितों ने मदनलाल की रैकी की थी और उसके तीन आरोपित बाइक से आए थे। बाइक सवारों ने मुनीम पर फायर किया था। पुलिस ने फायरिंग के तीनों आरोपितों को दबोच लिया है, जबकि रैकी करने वाले आरोपितों की तलाश जारी है।
तीन बदमाश पकड़ चुके हैं। दो की तलाश की जा रही है। इनका आपसी विवाद था, जिसके चलते फायर किया था। सभी आरोपित पिछोर क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पिस्टल कहां खरीदी, इसके बारे में पूछताछ की जा रही है।
जयराज कुबेर, एएसपी, ग्रामीण ग्वालियर