
Gwalior Crime News: ग्वालियर (नप्र)। शहर के सिटी सेंटर इलाके में महिला डीएसपी हिना खान खुद सिविल ड्रेस में छात्राओं के साथ सड़क पर चल रही थीं। तभी मनचलों ने फब्तियां कसीं और महिला डीएसपी ने तुरंत फोर्स को बुला लिया। इन्हें पकड़कर पुलिस चौकी ले जाया गया, यहां यह लोग छात्राओं के पैर छूने लगे। भविष्य में ऐसी हरकत न दोहराने की कसम खाई, इसके बाद इन्हें समझाइश देकर छोड़ा गया। दरअसल सिटी सेंटर के पटेल नगर, गोविंदपुरी, कैलाश विहार सहित अन्य इलाकों में कोचिंग सेंटर हैं। यहां हर रोज 20 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं।
छात्राओं ने शिकायत की थी कि मनचले उन्हें राह चलते परेशान करते हैं। उनपर फब्तियां कसते हैं, उनकी गाड़ियों में कट मारते हैं। जब यह शिकायत यूनिवर्सिटी सर्किल की सीएसपी हिना खान के पास पहुंची। तब वह खुद छात्राओं के साथ सिविल ड्रेस में गोविंदपुरी इलाके में पहुंची। उन्होंने फोर्स को भी पहले से ही वीसी बंगला चौराहे के पास तैनात कर रखा था। जब वह छात्राओं के साथ सीएसपी हिना खान पैदल जा रही थीं तो यहां से कुछ मनचले गुजरे। इन्होंने छात्राओं को देखकर फब्तियां कसी। इसके बाद कुछ मनचले छात्राओं की गाड़ी को कट मारकर निकले। सीएसपी ने तुरंत फोर्स को बुलाया और मनचलों को पकड़वाया। करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई में दस मनचले पकड़े गए। इन्हें पकड़कर गोविंदपुरी पुलिस चौकी ले जाया गया। यहां इन लोगों ने माफी मांगी। छात्राओं के पैर छूकर माफी मांगी। सीएसपी ने इनके स्वजनों को फोन कर बुलवाया। इन लोगों की हरकत बताई। इन्हें स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि शहर में कोचिंगों संस्थानों के के पास मनचलों ने ठिकाने बना रखे हैं, जहां से छात्राओं को निकलना तक मुश्किल हो जाता है। विरोध करने पर आए दिन मारपीट , झगड़े की घटनाएं सामने आती हैं।
छात्राओं को मनचलों द्वारा तंग करने की शिकायत मिल रही थी। इसी के चलते महिला पुलिसकर्मियों के साथ सिविल ड्रेस में छात्राओं के समूह में पहुंचे। यहां मनचलों ने फब्तियां कसी तो इन्हें पकड़ा गया। फिर समझाइश देकर छोड़ दिया गया। कोचिंग, स्कूल और कालेज के आसपास इस तरह की कार्रवाई लगातार की जाएगी।
हिना खान, सीएसपी, यूनिवर्सिटी सर्किल