
Gwalior Crime News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। नशे की हालत में एक युवती ने पड़ाव थाने के सामने सड़क पर जमकर हंगामा किया। जिस समय युवती हंगामा कर रही थी उसी दौरान वहां से सेना का जवान गाड़ी लेकर निकला। युवती ने सेना की जिप्सी गाड़़ी रोककर उसमें तोड़फोड़ कर दी। जब जवान ने युवती काे राेकने का प्रयास किया ताे युवती ने उसे भी धक्का दे दिया। हंगामे की सूचना मिलने पर पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को पकड़कर उसका मेडिकल करवाया है।
पड़ाव थाना पुलिस के अनुसार एक युवती नशे में धुत होकर सड़क पर हंगामा कर रही थी। युवती ने पर्स टांग रखा था। युवती की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष होगी, जो खुद को हरियाणा की बता रही थी। जिस समय युवती हंगामा कर रही थी, तभी वहां से सेना की गाड़ी गुजरी। इसी दौरान युवती ने सेना की गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी चला रहे जवान ने युवती को समझाने का प्रयास किया तो वह चिल्लाने लगी और गाड़ी में तोड़फोड़ करने लगी। इसकी सूचना पड़ाव थाना पुलिस लगी। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी उस युवती को पकड़कर अपने साथ ले गई और उसका मेडिकल कराया। पड़ाव थाना पुलिस का कहना है कि युवती नशे की हालत में थी, उसके मेडिकल के बाद उसके स्वजनों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उधर बैजाताल पर शाम के वक्त एक युवती के चलते दो युवक आपस में झगड़ गए। जब झगड़े की सूचना पर पुलिस पहुंची तो वह भाग गए।
महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या का किया प्रयासः महारापुरा थाना क्षेत्र स्थित अटल नगर निवासी सुनंदा पत्नी संजीव सिंह चौहान ने बुधवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। जिस वक्त फांसी लगाई उस वक्त घर में सभी लोग मौजूद थे, जैसे ही घरवालों को भनक लगी तो वह सुनिंदा के कमरे में जा पहुंचे, जहां पर फंदे पर लटकते देख उसे तत्काल उतार लिया, लेकिन गला कसने से वह बेसुध हो गई। जिसे तत्काल अस्पताल भर्ती कराया गया।